मौसम का बदला मिजाज, धूल भरी आंधी के बाद बारिश से गिरा पारा

Friday, May 03, 2019 - 09:36 AM (IST)

चंडीगढ़(पाल) : दक्षिण भारत में सक्रिय हो रहे फानी तूफान का असर चंडीगढ़ में भी दिखा। दोपहर एक बजे तक तेज धूप के बाद एकाएक मौसम बदला। बादल छा गए और शाम 6 बजे बारिश शुरू हो गई। तेज हवाओं के चलते कुछ सैक्टरों में पेड़ भी गिरे। शाम 6 बजे से रात 8.30 बजे तक शहर में 2.2 एम.एम. बारिश दर्ज की गई। 

मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि दक्षिण भारत में एक्टिव हो रहे फानी की वजह से ही चंडीगढ़ में भी मौसम में यह बदलाव आया। शुक्रवार को भी ऐसा ही मौसम रह सकता है। इसके चलते तापमान में और गिरावट आ सकती है। शनिवार से मौसम साफ हो जाएगा। इस बीच वीरवार को दिन का अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा। 

आज चलेंगी तेज हवाएं, बारिश के आसार :
शुक्रवार को बादल छाए रहेंगे। तेज हवाएं चल सकती हैं, बारिश के आसार हैं। दिन का अधिकतम 37 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रह सकता है। शनिवार को आंशिक रूप से बादल छा सकते हैं। दिन का अधिकतम 39 और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सैल्सियस रह सकता है। रविवार को आंशिक बादल छा सकते हैं। अधिकतम 39 और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रह सकता है।

Priyanka rana

Advertising