प्रदेश के बजट में समृद्ध, स्वस्थ और समर्थ हरियाणा की तस्वीर : धनखड़

Wednesday, Mar 09, 2022 - 01:27 AM (IST)

चंडीगढ़, (बंसल/पांडेय): भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने मंगलवार को हरियाणा विधानसभा में प्रस्तुत बजट को समृद्ध, समर्थ और स्वस्थ हरियाणा की तस्वीर करार दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा वित्त मंत्री के रूप में पहले से ही हरियाणा को और मजबूत करने की एक ईमानदार कोशिश की गई है। उन्होंने इस बार के बजट को कर मुक्त मनोहारी बजट बताते हुए कहा कि प्रदेश के हर क्षेत्र और हर वर्ग का ध्यान रखा गया है। पिछली बार के मुकाबले इस वर्ष 2022-23 के लिए 15.6 प्रतिशत अधिक 1 लाख 77 हजार 255.99 करोड़ रुपए का बजट पेश करना बताता है कि भाजपा के नेतृत्व में प्रदेश लगातार तरक्की कर रहा है।

 

सुषमा स्वराज पुरस्कार घोषणा को मनोहर सरकार द्वारा महिला दिवस पर महिलाओं के दिया गया तोहफा बताते हुए धनखड़ ने कहा कि खेल और राजनीति में प्रदेश का नाम रोशन करने वाली महिलाओं के लिए प्रदेश सरकार ने सुषमा स्वराज राज्यस्तरीय पुरस्कार के तहत 5 लाख रुपए की राशि की घोषणा कर न केवल प्रदेश की समस्त नारी शक्ति को सम्मान दिया है बल्कि इससे सुषमा स्वराज के महान कार्यों को भी नमन किया गया है। 
भाजपा द्वारा इस बार प्रदेश के बजट को सभी जिलों में वर्चुअल देखने के प्रबंध किए गए। यह पहली बार किया गया। सभी जिला कार्यालयों में बड़ी एल.ई.डी. लगाई गई। जहां जिला के पार्टी पदाधिकारी और कार्यकत्र्ताओं ने एक साथ बैठकर 2 घंटे से भी अधिक देर तक चली बजट कार्रवाई को देखा। प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश गुरुग्राम में पार्टी कार्यालय पहुंचकर लगभग 200 कार्यकत्र्ताओं के साथ बजट की कार्रवाई देखी।

Ajay Chandigarh

Advertising