आढ़तियों की चेतावनी, पास जारी नहीं किए तो करेंगे हड़ताल

Saturday, May 16, 2020 - 12:07 PM (IST)

चंडीगढ़ (राजिंद्र शर्मा) : सेक्टर-17 आईएसबीटी में नई सब्जी मंडी में विवाद खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। आये दिन कोई न कोई नया विवाद सामने आ जाता है। शुक्रवार को पास नहीं बनने और मंडी एंट्री में हो रही परेशानी को लेकर आक्रोशित आढ़तियों ने हड़ताल पर जाने की चेतावनी दे डाली। हालांकि मार्केट कमेटी के आश्वासन के वह बाद मान तो गए हैं, लेकिन ये भी कहा है कि अगर सोमवार तक पास जारी नहीं किए गए तो वह हड़ताल पर चले जाएंगे। 
अपनी मांगों को लेकर आढ़ती एसोसिएशनों ने सुबह मंगलवार को हड़ताल पर जाने के फैसला लिया था।

 

आपको बता दें कि बापूधाम में बढ़ते कोरोना संक्रमण को लेकर यूटी प्रशासन ने सेक्टर-17 आईएसबीटी में अस्थायी रूप से सब्जी मंडी शिफ्ट की है। गत सोमवार को मंडी शिफ्ट होने के बाद से यहां मार्केट कमेटी और आढ़तियों में आए दिन किसी न किसी बात को लेकर विवाद हो रहे हैं। शुक्रवार को भी सब्जी मंडी आढ़ती एसो‌सिएशन ने पास नहीं बनाए जाने और मुख्य गेट पर आढ़तियों को एंट्री के दौरान होने वाली परेशानियों को लेकर मंगलवार को हड़ताल की चेतावनी दी गई थी। मार्केट कमेटी को इसकी सूचना मिलते ही नाराज आढ़तियों को मनाने का दौर शुरू हो गया था। 

 

देर शाम तक आढ़ती एसोसिएशन की पांच सदस्यीय कमेटी के साथ कमेटी के अधिकारियों ने वार्ता की। वार्ता के दौरान अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि वह शनिवार को कुछ नए पासों का वितरण करेंगे। अन्य समस्याओं का भी जल्द समाधान कर दिया जाएगा। हालांकि हड़ताल को लेकर अभी आढ़ती किसी निर्णय पर नहीं पहुंच पाए हैं। 

 

आढ़ती एसोसिएशन की पांच सदस्यीय कमेटी के सदस्य बृजमोहन ने बताया कि कमेटी के साथ वार्ता हो गई है। यदि सोमवार तक उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया जाता है तो वह मंगलवार को हड़ताल पर चले जाएंगे। उन्होंने बताया कि वार्ता के दौरान कमेटी के अन्य सदस्य ‌बलिंदर सिंह वबला, रतन कुमार, बलवीर सिंह और दिग्विजय कपूर उपस्थित थे।

pooja verma

Advertising