लैंड माफिया ने पंचायती जमीन पर उखाड़ा चेतावनी बोर्ड

punjabkesari.in Saturday, Jun 23, 2018 - 09:18 AM (IST)

नयागांव(मुनीष) : मुल्लांपुर गरीबदास में मार्कीट के पास सरपंच जगदीश राय जंड की मिलीभगत से हुए अवैध कब्जे पर पंचायत की और से लगाए गए चेतावनी बोर्ड को लैंड माफिया ने उखाड़ दिया। वहीं पंच गुरशरण सिंह को वीरवार रात करीब 10 बजे व्हॉटसएप पर किसी का फोन आया कि पंचायत जमीन पर लगा चेतावनी बोर्ड हमने उखाड़ दिया है और धमकी दी कि जो भी हमारे खिलाफ जाएगा उसे देख लिया जाएगा। 

पंच ने एस.एच.ओ. मुल्लांपुर गरीबदास को फोन पर जानकारी दी और थाने में शिकायत भी दी है। अवैध कब्जे को बी.डी.पी.ओ. राणा प्रताप सिंह व पंचायत सचिव हाकम सिंह की मौजूदगी में ढहाया गया था और वहां पर पंचायत ने अपना बोर्ड लगा दिया था। बोर्ड में चेतावनी दी गई थी कि यह जमीन पंचायत की मलकीयत है और यहां पर गोबर और कूड़ा फैंकने वाले पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 

इस बोर्ड को उखाडऩे वाले सी.सी.टी.वी. में कैद हो गए हैं और स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत पुलिस को दी है। स्थानीय निवासी हरीश कुमार, मोहम्मद सदीक और अरविंद पुरी ने बताया कि इस करोड़़ों रुपए की जमीन पर सरपंच की मिलीभगत से अवैध कब्जा किया गया था। 

इस अवैध कब्जे को ढहाकर यहां पर पंचायत ने अपना बोर्ड लगाया था पर लैंड माफिया ने इस बोर्ड को यहां से उखाड़ दिया है। हरीश कुमार और मोहम्मद सदीक ने बताया कि उन्होंने बोर्ड उखाड़े जाने की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने कोई भी कार्रवाई नहीं की है। 

सी.सी.टी.वी. कैमरे में कैद हुए 2 आरोपी :
बोर्ड को उखाडऩे वाले 2 लोग सी.सी.टी.वी. कैमरे में कैद हुए हैं। हरीश कुमार और मोहम्मद सदीक ने बताया कि उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस दी पर शिकायत के बाद कोई भी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि सी.सी.टी.वी. कैमरे में कैद दोनों आरोपियों की फुटेज भी पुलिस को मुहैया करवा दी थी पर फुटेज देने के बाद भी पुलिस की कार्रवाई ढीली ही है।
PunjabKesari


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Punjab Kesari

Recommended News

Related News