फैदां में गिरी घर की दीवार, प्रशासन ने 6 मकान करवाए खाली, गांव में पुलिस तैनात

Tuesday, Aug 20, 2019 - 11:25 AM (IST)

चंडीगढ़ (राजिंद्र): शहर में दो दिन से हो रही लगातार बारिश के चलते फैदां गांव में दो कमरे और एक मकान की एक तरफ की दीवार गिर गई है। ये मकान नाले के ठीक साथ बने हैं और मिट्टी खिसकने के चलते ही इन मकानों को नुक्सान पहुंचा है। 

 

यही कारण है कि सोमवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने गांव का दौरा किया। इस दौरान  सुरक्षा को देखते हए 6 मकान खाली करवाए गए हैं। प्रशासन ने रात को यहां पुलिस बल भी तैनात कर दिया, ताकि नाले के पास लोगों को नहीं जाने दिया जाए। 

 

लोगों को खाली करवाए गए मकानों के आसपास नहीं जाने दिया जा रहा है, क्योंकि इनके गिरने से किसी भी वक्त कोई बड़ा हादसा हो सकता है।  एस.डी.एम. ईस्ट सुधांशु गौतम ने बताया कि उन्होंने मौके पर जाकर चैकिंग की थी। 

 

उन्होंने कुछ मकानों के गिरने का डर है। यही कारण है कि लोगों की सुरक्षा को देखते हुए इन मकानों को खाली करवाया गया है और लोगों को भी नाले के आसपास नहीं जाने दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों और  पुलिस बल को वहां पर विशेष नजर रखने के लिए बोला गया है।

 

इससे पहले जुलाई में भी खाली करवाए गए थे मकान  
इससे पहले जुलाई में हुई तेज बारिश से भी फैदां गांव के कुछ मकान अनसेफ हो गए थे। सूचना पर प्रशासन की टीम वहां पहुंची थी और करीब 15 मकानों को खाली कराया गया था। 

 

यहां चैकिंग के दौरान सामने आया था कि कुछ मकान नाले में गिरने की कगार पर हैं, जिसके चलते ही तुरंत कार्रवाई करते हुए इन्हें हटाया गया था और लोगों को वहां से शिफ्ट किया गया था। 

 

लोगों में दहशत  
गांव निवासी शहनाज खातून ने बताया कि यहां नाले का पानी बढ़ गया है। नाले के किनारे बने मकानों के गिरने का खतरा बन गया है। उन्होंने कहा कि मिट्टी खिसकने के चलते ही दो कमरे गिर गए हैं और रसोई और शौचालय गिरने की नौबत आ गई है। अब तक प्रशासन ने इस ओर कोई  सुध नहीं ली है। 

 

जानकारी पर पहुंची पुलिस भी कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने बताया कि एक और मकान की एक तरफ की दीवार गिरी है। तेज बारिश में उनके मकान गिरने का खतरा बना हुआ है, जिससे किसी भी वक्त कोई बड़ा हादसा हो सकता है। मकान गिरने का खतरा लगातार मंडरा रहा है।

pooja verma

Advertising