‘मेदांता से डिस्चार्ज होकर अम्बाला पहुंचे अनिल विज’

punjabkesari.in Wednesday, Dec 30, 2020 - 11:44 PM (IST)

चंडीगढ़, (पांडेय): हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कोरोना को मात दे दी है। वह बुधवार दोपहर बाद मेदांता अस्पताल से डिस्चार्ज होकर घर वापस आ गए हैं। विज को बुधवार सुबह डिस्चार्ज किया गया था। जहां वह एम्बुलैंस के बजाय अपनी सरकारी गाड़ी से अम्बाला पहुंचे। इसकी जानकारी विज ने ट्वीट करके दी है। विज ने कहा कि वह अम्बाला घर पर आ गए हैं लेकिन अभी ऑक्सीजन के सपोर्ट पर हैं।

 

विज को बीते 15 दिसम्बर को मेदांता में दाखिल करवाया गया था। गौरतलब है कि गृह मंत्री अनिल विज 5 दिसम्बर को कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। जिसके बाद पहले वह अपने गृह क्षेत्र अम्बाला में ही सिविल अस्पताल में एडमिट हुए थे। यहां उनका इलाज किया जा रहा था लेकिन विज की हालत में कोई सुधार न होते देख उन्हें रोहतक पी.जी.आई. शिफ्ट किया गया था। रोहतक पी.जी.आई. में डाक्टरों की एक स्पैशल टीम उन्हें बेहतर उपचार देने में लगी हुई थी पर विज में संक्रमण का प्रभाव कम नहीं हो रहा था, जिसके बाद उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में रैफर कर दिया गया था। यहां धीरे-धीरे विज में कोरोना संक्रमण के प्रभाव पर काबू पा लिया। 


‘विज ने लगवाया था कोवैक्सीन का टीका’ 
बता दें कि भारत में बन रही देसी वैक्सीन कोवैक्सीन के तीसरे चरण के ट्रायल के दौरान 20 नवम्बर को अनिल विज को वैक्सीन दी गई थी। विज ही पहले ऐसे मंत्री बने थे जिन्होंने खुद पर कोरोना वैक्सीन का परीक्षण करवाया था। वहीं वैक्सीन लगने के बाद विज के कोरोना पॉजिटिव होने से वैक्सीन पर बड़ा प्रशनचिन्ह खड़ा हो गया था। जिसके बाद कंपनी की ओर से सफाई पेश की गई थी।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vikash thakur

Recommended News

Related News