हम भारत के लोग कॉन्क्लेव में देश–विदेश की विभूतियों को मिलेगा ‘विद्यासागर’ व ‘विद्यावाचस्पति’ सम्मान
punjabkesari.in Tuesday, Feb 10, 2026 - 05:16 PM (IST)
नई दिल्ली/ टीम डिजिटल। आगामी 13 मार्च 2026 को आयोजित होने जा रहे प्रतिष्ठित “हम भारत के लोग कॉन्क्लेव” में देश और विदेश से चुनी गई विशिष्ट हस्तियों को ‘विद्यासागर’ और ‘विद्यावाचस्पति’ की मानद उपाधियों से अलंकृत किया जाएगा। यह सम्मान काशी हिंदी विद्यापीठ द्वारा प्रदान किया जाएगा। समारोह में विद्यापीठ के कुलपति संभाजीराव बाविस्कर विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
यह सम्मान समय-समय पर उन चुनिंदा विभूतियों को प्रदान किया जाता है जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर समाज, शिक्षा, संस्कृति, राष्ट्र निर्माण और मानवीय मूल्यों के संवर्धन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इस पहल का उद्देश्य उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित करने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक प्रेरणा का संचार करना है।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की माननीय राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। साथ ही उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक सहित,बॉलीवुड निर्देशक दुष्यंत प्रताप सिंह सहित अनेक प्रमुख राजनीतिक हस्तियों की उपस्थिति की संभावना है। इसके अतिरिक्त सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षिक और जनसेवा के क्षेत्रों से जुड़ी जानी-मानी हस्तियों के भी शामिल होने की उम्मीद है, जिससे यह आयोजन राष्ट्रीय महत्व का स्वरूप लेगा। कार्यक्रम का आयोजन आज की खबर चैनल के प्रमुख श्री चंद्रसेन वर्मा के नेतृत्व में संपन्न होगा।
“हम भारत के लोग कॉन्क्लेव” केवल एक सम्मान समारोह नहीं, बल्कि विचारों, उपलब्धियों और सामाजिक योगदानों का उत्सव भी है। यह मंच देश-विदेश के प्रतिभाशाली व्यक्तित्वों को एक साथ लाकर संवाद, सहयोग और प्रेरणा के नए आयाम स्थापित करने का कार्य करता है।
आगामी यह आयोजन न केवल सम्मानित होने वाली विभूतियों के लिए गौरव का क्षण होगा, बल्कि समाज के लिए भी एक प्रेरणादायी अवसर सिद्ध होने जा रहा है, जहाँ उत्कृष्टता, सेवा और ज्ञान को राष्ट्रीय स्तर पर आदर प्रदान किया जाएगा।
