हैरीटेज फर्नीचर की नीलामी पर उप-राष्ट्रपति कार्यालय ने VC से मांगा जवाब

Thursday, Apr 19, 2018 - 10:49 AM (IST)

चंडीगढ़ (विजय): विदेशों में हो रही पंजाब यूनिवर्सिटी के हैरिटेज फर्नीचर की नीलामी पर अब उप-राष्ट्रपति ने जवाब मांगा है। उप-राष्ट्रपति कार्यालय से अर्बन सैक्रेटरी हर्बी शकील ने पी.यू. के वाइस चांसलर से इस बारे में कमेंट्स मांगे हैं। वाइस चांसलर प्रो. अरुण ग्रोवर को भेजे गए लैटर में हर्बी शकील की ओर से बताया गया है कि 26 मार्च को चंडीगढ़ प्रशासन के हैरिटेज प्रोटैक्शन सेल के सदस्य एडवोकेट अजय जग्गा की ओर से ई-मेल भेजी गई थी, जिसमें पंजाब यूनिवर्सिटी की हैरिटेज प्रॉपर्टी और वित्तीय नुक्सान की जानकारी दी गई थी। 

 

इसके बाद पी.यू. के वाइस चांसलर से जवाब मांगा गया है। शिकायत में जग्गा ने उप-राष्ट्रपति को बताया था कि पी.यू. के हैरिटेज फर्नीचर की पिछले एक दशक से यू.एस.ए. और फ्रांस सहित कईं अन्य देशों में लगातार ऑक्शन की जा रही है। इसलिए उप-राष्ट्रपति कार्यालय को मामले में हस्तक्षेप करना चाहिए। बता दें कि जग्गा ने 22 मार्च को शिकागो (यू.एस.ए.) में हुई पी.यू. के हैरिटेज फर्नीचर की नीलामी की लिस्ट भी भेजी थी। 

 

वी.सी. ने कहा था, बनाएंगे म्यूजियम
जग्गा ने शिकायत में बताया कि वह मामले में अरुण ग्रोवर से भी मिल चुके हैं। जब उन्होंने हैरिटेज फर्नीचर की नीलामी के बारे में बात की तो वाइस चांसलर की ओर से आश्वासन दिया गया कि हैरिटेज फर्नीचर के लिए जल्द एक म्यूजियम बनाया जाएगा। 

 

लेकिन अभी तक ऐसा कुछ नहीं हो पाया। हैरिटेज फर्नीचर की इंटरनैशनल मार्कीट में काफी डिमांड है। चंद रुपए के लिए इन फर्नीचर को बेच दिया जाता है। बता दें कि इन फर्नीचर को पियरे जेनरे और ली-कार्बूजिए ने डिजाइन किया था। 

 

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को भी भेजी शिकायत
गैरकानूनी तरीके से चंडीगढ़ से विदेशों में भेजे जा रहे फर्नीचर की शिकायत एडवोकेट अजय जग्गा ने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से की भी थी। जग्गा ने कहा है कि चंडीगढ़ से फर्नीचर को अवैध तरीके से विदेशों तक भेजने की अधिक संभावना है। इसलिए मामले की पूरी जांच की जानी चाहिए।

Punjab Kesari

Advertising