PU के VC का वेतन हुआ फिक्स, पांच माह से रुका था वेतन

Saturday, Jun 17, 2017 - 09:26 AM (IST)

चंडीगढ़(रश्मि) : पंजाब यूनिवर्सिटी के वी.सी. प्रो. अरुण ग्रोवर को अब वी.सी. कैटागरी का वेतन मिलेगा। प्रो. अरूण ग्रोवर के वेतन के रिफिक्सेशन का मुद्दा हल हो गया है। अब उन्हें पहले से करीब 20 हजार कम वेतन मिलेगा। 

 

प्रो. अरूण ग्रोवर पी.यू. में बतौर वी.सी. ज्वाइन करने से पहले टी.आई.एफ.आर. मुंबई में सीनियर प्रोफैसर थे। जिस कारण अब तक उन्हें सीनियर प्रोफैसर का वेतनमान मिल रहा था। 

 

प्रो. ग्रोवर 2016 में सीनियर प्रोफैसर पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं, जबकि  वी.सी. के तौर पर उनका एक साल का कार्यकाल बचा है। सेवानिवृत्त होने के बाद वेतन फिक्स न होने के कारण उन्हें पांच माह से वेतन नहीं मिला था। सेवानिवृत्ति के बाद उनके वेतन का मुद्दा रिफिक्सेशन के लिए पी.यू. के चांसलर व मोहम्मद हामिद अंसारी के पास गया था। अब एम.एच.आर.डी. ने वेतन फिक्स कर दिया है। 


अब 20 हजार कम मिलेगा वेतन :
वी.सी. प्रो. ग्रोवर को पहले सीनियर प्रोफैसर के तौर पर हर माह 2 लाख, 10 हजार रुपए के करीब वेतन मिलता था, लेकिन अब उन्हें वी.सी. के तौर पर 1लाख, 90 हजार रुपए वेतन मिलेगा। 

 

2012 में किया ज्वाइन :
वी.सी. प्रो. अरुण ग्रोवर ने पी.यू. में बतौर वी.सी. 23 जुलाई, 2012 को ज्वाइन किया था। सत्र 2015 में 3 साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद उन्हें 3 साल की एक्सटैंशन दी गई थी। उनकी एक्सटैंशन 2018 में खत्म होगी। 

 

डेलीवेजिज कर्मचारियों को है वेतन का इंतजार :
पी.यू. के  डेलीवेजिज कर्मचारियों को अभी वेतन नहीं मिला है। उन्हें वेतन मिलने में देरी अकाऊंट्स ब्रांच में लगी आग के कारण हुई है। पी.यू. प्रबंधन का कहना है कि  पी.यू. क रिकार्ड जलने के कारण वेतन देने में देरी हुई है। कर्मचारियों का रिकार्ड इकट्ठा कर उन्हें जल्द वेतन दे दिया जाएगा। 
 

Advertising