टावर लोकेशन व CFSL रिपोर्ट के साथ पुलिस ने सप्लीमैंट्री चालान किया पेश

Friday, Jul 12, 2019 - 09:35 AM (IST)

चंडीगढ़(संदीप) : हरियाणा के आई.ए.एस. अधिकारी की बेटी वर्णिका कुंडू से छेड़छाड़ मामले में पुलिस ने अदालत में सप्लीमैंट्री चालान पेश कर दिया। सप्लीमैंट्री चालान के साथ पुलिस ने सी.एफ.एस.एल. रिपोर्ट, जी.पी.आर.एस. रिपोर्ट भी लगाई है। 

सप्लीमैंट्री चालान में पेश की गई जी.पी.आर.एस. रिपोर्ट में यह बात सामने आई कि पहले जो अगस्त, 2017 में रिपोर्ट आई थी, उसमें ह्यूमन एरर की वजह पीड़िता की लोकेशन फतेहपुर दिख रही थी लेकिन जबकि पीड़िता की सही लोकेशन चंडीगढ़ के सैक्टर-4 स्थित एम.सी. वाटर वर्क्स बिल्डिंग के पास मिली है। 

पहले पीड़िता की लोकेशन पंजाब के फतेहपुर में आने की बात को आधार बनाते हुए विकास के वकील ने अदालत के सामने कहा था कि वारदात के समय तो पीड़िता पंचकूला और चंडीगढ़ में मौजूद ही नहीं थी। इस बात पर पीड़िता पक्ष ने टावर लोकेशन चैक करने के लिए अपील की थी। सी.एफ.एस.एल. रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी विकास बराला और आशीष के ब्लड और यूरीन सैंपल में कॉमन पॉयजन डिटैक्ट नहीं हुआ है। 

गवाह ने कहा, गलत इरादे से पीड़िता का पीछा कर रहे थे :
पुलिस चालान में 14 फरवरी, 2019 को एक गवाह अनुभव की गवाही को भी शामिल किया गया। अपनी गवाही में उसने उस वक्त बताया कि दोनों आरोपी गलत मकसद से पीड़िता का पीछा कर रहे थे और उसका अपहरण भी कर सकते थे। 

पुलिस ने वारदात के समय कंट्रोल रूम में ड्यूटी कर रहे वायरलैस सुपरवाइजर बलजीत की गवाही करवाई। बलजीत ने कहा कि घटना के दौरान जो पुलिस रूम में फोन पर सूचना मिली थी, वह सिस्टम मेंं रिकॉर्ड हो जाती है। यह रिकॉर्डिंग उसने मामले के जांच अधिकारी को सी.डी. में डलवाकर दे दी थी। अब मामले की अगली सुनवाई 13 अगस्त को होगी।

Priyanka rana

Advertising