शहर के प्रमुख मार्गों पर जल्द दिखेंगे यूनिपोल निगम ने की ई-ऑक्शन करने की तैयारी

Monday, Oct 14, 2019 - 10:55 AM (IST)

चंडीगढ़ (राजिंद्र): शहर के प्रमुख मार्गों पर जल्द यूनिपोल दिखाई देंगे। नगर निगम विज्ञापनों के यूनिपोल लगाने के लिए अब दो ग्रुपों में ऑक्शन करने जा रहा है। इसके लिए इच्छक कंपनियों और एजैंसियां 4 नवम्बर तक डॉक्यूमैंट्स जमा करवा सकेंगी। इसके बाद डॉक्यूमैंट्स की जांच होगी और 15 से 18 नवंबर तक बोली लगाई जाएगी। बता दें कि पहले निगम ने यूनिपोल की एक ही ग्रुप में ई-ऑक्शन करने का प्रयास किया था, जिसमें निगम योग्य कंपनी ढूंढऩे में असफल रहा था। 

 

इसलिए अब दो ग्रुप में ऑक्शन करने से निगम दो कंपनियों को इसकी अलॉटमैंट कर सकेगा। रैवेन्यू बढ़ाने के लिए निगम ने देश के बड़े शहरों की तर्ज पर चंडीगढ़ में भी यूनिपोल की परमिशन देने का फैसला लिया था। इसके लिए प्रशासन की भी अनुमति मांगी गई थी। प्रशासन ने 24 कमर्शियल साइटों पर इन्हें लगाने की अनुमति निगम को दे दी थी। यही कारण है कि अब निगम द्वारा 12-12 यूनिपोल की दो ग्रुपों में ई-ऑक्शन की जाएगी। 

 

इस संबंध में निगम के एक अधिकारी ने बताया कि यूनिपोल स्थलों की अलॉटमैंट के लिए पहले उन्होंने प्रयास किया था, लेकिन एक साथ सभी 24 यूनिपोल लेने में कोई भी कंपनी ने रुचि नहीं दिखाई है। इसलिए अब एम.सी. दो ग्रुपों में ऑक्शन करेगा। बिल्ट, ऑपरेट एंड ट्रांसफर आधार पर निगम इनकी ऑक्शन करने जा रहा है। 

 

16 बड़े व 8 छोटे यूनिपोल लगाने की होगी अनुमति
बता दें कि 24 यूनिपोल स्थलों की अलॉटमैंट की जानी है, जिसमें 16 बड़े यूनिपोल और 8 छोटे यूनिपोल लगाने की अनुमति दी जाएगी। निगम के अनुसार इनके लगाने से उसे करोड़ों रुपए की आय होगी। इन्हें लगाने, इनकी सुरक्षा व इन पर आने वाले बिजली के खर्च का वहन भी संबंधित कंपनियां ही करेंगी। नीलामी में भाग लेने वाली कंपनियां देश के किसी भी हिस्से में ब्लैकलिस्ट नहीं होनी चाहिए। एक बार अलॉट की गई साइट को निगम बदलेगा नहीं। 

pooja verma

Advertising