अपग्रेड करने के चक्कर में क्रैश हुआ डाटा, मरीज रहे परेशान

punjabkesari.in Wednesday, Mar 01, 2017 - 09:20 AM (IST)

चंडीगढ़(पाल) : पिछले 10 दिन से पी.जी.आई. में एक के बाद एक मशीनें खराब हो रही हैं लेकिन इसके अधिकारी इनकी देखरेख पर कोई ध्यान नहीं दो रहे। 10 दिन तक खराब रही सी.टी. स्कैन मशीन ठीक भी नहीं हुई थी कि मंगलवार को एडवांस पैडिएट्रिक विभाग में एम.आर.आई. मशीन खराब हो गई। पी.जी.आई. एडवांस पैडिएट्रिक विभाग में मंगलवार को कोई भी एम.आर.आई. नहीं हो सकी। 

 

सोमवार शाम को मशीन को अपग्रेड किया जाना था लेकिन इसी दौरान मशीन का सारा डाटा क्रैश हो गया और यह खराब हो गई। यहां रोजाना 15 मरीजों की एम.आर.आई. की जाती है। वहीं, पी.जी.आई. अधिकारियों की माने तो मशीन को अपग्रेड किया जाना था, जिसकी वजह से यह बंद थी लेकिन मंगलवार दोपहर तक उसे ठीक कर दिया गया।  

 

सी.टी. स्कैन हुए शुरू :
17 फरवरी से बंद पड़ी सी.टी. स्कैन सैंटर की मशीन मंगलवार को ठीक हो गई लेकिन इसके बावजूद ज्यादा मरीजों का सी.टी. स्कैन नहीं हो पाया। न्यू ओ.पी.डी. के सी.टी. स्कैन सैंटर की मशीन 17 फरवरी से खराब पड़ी थी। सूत्रों की माने तो इन 10 दिनों में सिर्फ एक बार ही इंजीनियर इसे चैक करने पहुंचे थे। सोमवार को इंजीनियरिंग विभाग के कर्मी पहुंचे थे, जिसके बाद मंगलवार सुबह तक इसे ठीक करवा दिया गया। विभाग में रोजाना 30 मरीजों का सी.टी. स्कैन किया जाता है। वहीं, मशीन खराब होने की वजह से दूसरे विभागों पर मरीजों की संख्या बढ़ गई थी। 

 

एक्स-रे की फिल्म मिली :
एक्स-रे की फिल्म का इंतजार कर रहे मरीजों को मंगलवार को रिपोर्ट मिली। सोमवार को न्यू ओ.पी.डी. में ही चैस्ट एक्स-रे मशीन भी खराब हो गई थी। इसकी वजह से एक भी मरीज को एक्स-रे की फिल्म नहीं मिल पाई थी। पी.जी.आई. की न्यू.ओ.पी.डी. में रोजाना 150 से 200 मरीज चैस्ट एक्स-रे करवाते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News