शामलात देह की जमीन का पंचायतों के नाम इंतकाल चिंता का विषय नहीं: मनोहर लाल

punjabkesari.in Wednesday, Aug 10, 2022 - 09:26 PM (IST)

चंडीगढ़,(बंसल/पांडेय): हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के अनुसार राज्य सरकार शामलात देह की जमीन का पंचायतों के नाम इंतकाल कर रही है। इसमें ङ्क्षचता का कोई विषय नहीं है। सरकार महज इंतकाल बदल रही है, मलकीयत में कोई बदलाव नहीं हो रहा है। सरकार का मुख्य मकसद अवैध हस्तांतरण को रोकना है। मुख्यमंत्री हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन अपना वक्तव्य दे रहे थे। उन्होंने कहा कि पंचायत की कुछ शामलात देह भूमि के इंतकाल निजी लोगों के नाम हो रखे हैं। सरकार ने यदि इस पर ध्यान नहीं दिया तो वे जमीन को इसी प्रकार बेचते रहेंगे। अगर सरकार इसे नियंत्रित नहीं करेगी तो एक समय के बाद यह विषय सरकार के नियंत्रण से भी बाहर हो जाएगा। उन्होंने कहा कि नदी किनारे की जमीन की मलकीयत नदी के बहाव के कारण बदलती रहती है। इस जमीन को सही मालिक या हकदार को दिलाना हमारा कत्र्तव्य है। इसके लिए सरकार जल्द एक नया अधिनियम बनाएगी ताकि लोगों को उनकी जमीन का मालिकाना हक मिले। 
 

 

अब पंचायत से नगर निकाय या निकाय से पंचायत में बदलने से पहले ली जाएगी जनता की राय
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब पंचायत को नगरपालिका या नगरपालिका से पंचायत में बदलने से पहले वहां के लोगों से राय के बाद ही निर्णय लिया जाएगा। किसी भी पंचायत को बिना निर्णय के किसी भी नगर निकाय में शामिल या बाहर नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हिसार की बांस, बाढड़ा की हंसावास और आदमपुर आदि पर जिला उपायुक्त की रिपोर्ट के बाद निर्णय लिया जाएगा।
 

 

500 मॉडल संस्कृति स्कूल खोलेगी सरकार
मनोहर लाल ने कहा कि सामान्य स्कूलों की शिक्षा मौजूदा प्रक्रिया की तरह चलती रहेगी, लेकिन सरकार ने 500 मॉडल संस्कृति स्कूल खोलने का लक्ष्य लिया है। इनमें से 138 स्कूल खोले जा चुके हैं। इन स्कूलों में अंग्रेजी माध्यम से शिक्षा दी जा रही है। इन स्कूलों में ऐसे परिवारों, जिनकी आय 1 लाख 80 रुपए से कम है, उनके बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा दी जा रही है। इससे ज्यादा आय वर्ग परिवारों से नाममात्र फीस ली जा रही है। वहीं कुछ लोग अपने बच्चों को प्राइवेट स्कूलों में पढ़ाना चाहते हैं, ऐसे बच्चों के लिए सरकार चिराग योजना लेकर आई है। इस योजना के तहत सरकार पहली से 5वीं तक 700, छठी से 8वीं तक 900 और 9वीं से 12वीं तक के बच्चों की 1100 रुपए फीस निजी स्कूलों को देगी। अब तक इस योजना के तहत लगभग 300 स्कूलों ने अपनी सहमति दी है और 2700 बच्चों ने दाखिला लिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार स्कूलों में शिक्षकों का रैशनेलाइजेशन कर रही है। हम सिस्टम को ठीक करने में लगे हुए हैं। गरीब बच्चों की मदद के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। भविष्य में शिक्षा क्षेत्र में और सुधार किए जाएंगे।
 

 

लूला अहीर में भगत फूल सिंह यूनिवॢसटी का रीजनल सैंटर बना रहेगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायक के मांग पर लूला अहीर में भगत फूल सिंह यूनिवॢसटी के रीजनल सैंटर को कालेज का दर्जा देने की घोषणा की थी। लेकिन आज विधायक की ही मांग पर इस घोषणा को वापस ले लिया गया है और रीजनल सैंटर बना रहेगा। 
 

 

बाढ़ व पानी भरने से मकान गिरने पर मिलेगा मुआवजा, सरकार लाएगी योजना
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ व पानी भरने से मकान के गिरने पर सरकार मुआवजा देगी। इसके लिए जल्द एक पॉलिसी बनाई जाएगी, जिसके तहत 1 लाख 80 हजार रुपए से कम आय वाले परिवारों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि आग से नुकसान होने के नियम भी बदल दिए गए हैं। अब आग चाहे किसी भी कारण से लगी हो, आपदा प्रबंधन विभाग तय मानदंडों के अनुसार इसका आकलन कर मुआवजा संबंधी फैसला करेगा। 
 

 

10 लाख एकड़ भूमि का सुधार करने का लक्ष्य
मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा सरकार ने 10 लाख एकड़ जलभराव, लवणीय व क्षारीय भूमि का सुधार करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए पोर्टल बनाया गया है, जिसमें कुछ अंशदान किसानों से भी लिया जाएगा। अभी तक इस पोर्टल पर 20997 एकड़ भूमि के सुधार के लिए किसानों ने पंजीकरण करवाया है। सरकार ने सर्वप्रथम 1 लाख एकड़ भूमि को सुधारने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। 
 

 

अग्निवीरों को हरियाणा सरकार देगी गारंटिड नौकरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि अग्निपथ एक अच्छी योजना है। केंद्र सरकार ने इस योजना के अंतर्गत लौट कर आने वाले अग्निवीरों को केंद्रीय अर्धसैनिक बलों और असम राईफल में 10 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान किया है। वहीं हरियाणा सरकार इन अग्निवीरों को गारंटिड सरकारी नौकरी देगी। इस संबंध में नीति का निर्माण तत्काल किया जाएगा। कुछ निजी उद्योगपतियों ने भी इन अग्निवीरों को नौकरी देने की पेशकश की है। 
 

 

स्थानीय निकायों व पंचायतों के लिए सरकार ने बनाया विकास निधि पट्ट 
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय निकायों व पंचायतों को राज्य वित्त आयोग व केंद्रीय वित्त आयोग से दिए जाने वाले फंड के लिए राज्य सरकार ने विकास निधि पट्ट बनाया है। इस पोर्टल पर नगर निकायों व पंचायतों की खुद की आमदनी, स्टाम्प ड्यूटी का हिस्सा व राज्य और केंद्रीय वित्त आयोग तथा अन्य ग्रांट की जानकारी दर्ज होगी। इससे जिस भी नगर निकाय को फंड की आवश्यकता होगी उसका आंकलन किया जा सकेगा। 
 

 

बिना विधानसभा सत्र के भी विधायक हर माह भेज सकेंगे 3 सवाल
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि विधानसभा में एक नई परिपाटी शुरू  की गई थी, जिसके तहत बिना विधासनसभा सत्र के भी विधायक हर माह 3 सवाल भेज सकेंगे और विभाग द्वारा उनका जवाब लेकर विधायकों को भेजा जाएगा। अब तक 42 सवाल आए हैं, जिनमें से 35 स्वीकृत हुए हैं और 20 सवालों का जवाब विधायकों को भेजा जा चुका है। 
 

 

हरियाणा में 13 से 15 अगस्त तक मनाया जाएगा हर घर तिरंगा अभियान:
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की स्वतंत्रता प्राप्ति के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत इस वर्ष से अगले वर्ष तक हरियाणा में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा, देशभर में 13 से 15 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान मनाया जाएगा। हरियाणा में भी इन दिनों में पूरे जोश और उत्साह के साथ तिरंगा फहराया जाएगा। 
 

 

इस विधानसभा सत्र में ई-विधा की नई व्यवस्था देखने को मिली :
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि विधानसभा में ई-विधा की नई व्यवस्था देखने को मिली है। विधायक इस नए सिस्टम को सीख रहे हैं। अभी ऑनलाइन व फिजिकल दोनों सिस्टम से विधानसभा को चलाया जा रहा है लेकिन अगले विधानसभा सत्र से पूरी तरह से ऑनलाइन नैशनल ई-विधान एप्लीकेशन (नीवा) के माध्यम से कार्य किया जाएगा। इस सत्र में विधानसभा के समय में भी बदलाव किया गया है। पहले यह 10 से 2 बजे तक का रहता था लेकिन इस बार 11 बजे से 6 बजे तक का किया गया है। इससे विधायकों को 6 घंटे काम का समय मिल गया है। इसके अलावा विधानसभा परिसर में विधायकों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई है, जिसमें 100 रुपए खर्च करके विधायक थाली ले सकते हैं।
 

 

कॉमनवैल्थ में हरियाणा के खिलाडिय़ों ने किया बेहतर प्रदर्शन:
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के खिलाडिय़ों ने कॉमनवैल्थ खेलों में बेहतर प्रदर्शन किया है। हरियाणा के 43 खिलाड़ी गए थे, इनमें से 29 खिलाडिय़ों ने पदक जीते हैं और 1 खिलाड़ी चौथे स्थान पर रहा है। इन खिलाडिय़ों का 16 अगस्त को गुरुग्राम में अभिनंदन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की बधाई दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए हरियाणा परिवहन की बसों में कल रात 12 बजे तक फ्री परिवहन की सुविधा रहेगी।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Ajay Chandigarh

Recommended News

Related News