फेज-9 में दूध वाले पर तीन लोगों ने चलाई गोली, केस दर्ज

punjabkesari.in Thursday, Mar 12, 2020 - 10:29 AM (IST)

मोहाली (विनोद) : फेज-9 के एच.एल. क्वार्टरों में बुधवार सुबह उस समय दहशत मच गई। जब गांव चाचूमाजरा से दूध डालने आए युवक पर बाइक सवार तीन लोगों ने कातिलाना हमला कर दिया। आरोपियों ने पहले उस पर गोली चलाई। फिर उस पर गडांसियों से हमला कर दिया। घायल युवक को फेज-9 के इलाके के लोगों ने तुरंत सोहाना स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में दाखिल करवाया। आरोपी मौके से फरार हो गए। 

 

घटना स्थल पर थाना फेज-8 थाने की पुलिस पहुंच गई। थाना फेज-8 के एस.एच.ओ. रजनीश कुमार चौधरी ने बताया कि उनकी तरफ से कातिलाना हमला करने व आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश में पुलिस की तरफ से छापेमारी की जा रही है। उन्हें कुछ सुराग मिले हैं। उम्मीद है कि जल्दी आरोपी काबू कर लिए जाएंगे। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है।


 

दूध की सप्लाई देने जा रहा था
जानकारी के मुताबिक कमलप्रीत सिंह फेज-9 में रोजाना की तरह बुधवार को अपने ग्राहकों को दूध की सप्लाई देने आया था। सुबह साढ़े सात बजे के करीब वह इलाके के एचएचल क्वार्टर छह सौ नंबर वाले ब्लॉक में दूध डाल रहा था। इस दौरान तीन बाइक सवार युवक आए। आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। आरोपियों में एक ने उसके सिर पर गंडासी मारी, जबकि दूसरे ने उस पर गोली चला दी। 

 

गोली कमलप्रीत सिंह के टाग पर लगी। इसके बाद वह गिर गया। अन्य आरोपी ने उसके सिर पर दोबारा हमला कर दिया। फिर फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर इलाके के लोग एकजुट हो गए। उन्होंने तुरंत घायल कमलप्रीत के पिता गुरमीत सिंह को फोन पर सारी जानकारी दी। घायल को लोगों ने तुरंत प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया। जहां पर हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

 

नहीं है किसी से दुश्मनी
कमलप्रीत सिंह के पिता गुरमीत सिंह ने कहा कि काफी समय से उनका बेटा दूध डालने का काम कर रहा है। वह खुद भी दूध डालने का काम करते हैं। उनके बेटे की किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं है। उन्होंने बताया कि पहले उनका बेटा चंडीगढ़ कॉलेज में पढ़ाई करता था। इस दौरान उसकी किसी दोस्त के साथ लड़ाई हो गई थी। उन्होंने बताया कि उनके बेटे ने उन्हें बताया कि आरोपियों में एक कॉलेज की लड़ाई में भी शामिल था। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

pooja verma

Recommended News

Related News