मानसून: इस बार खूब बरसे बदरा, टूटा 8 साल का रिकॉर्ड

punjabkesari.in Monday, Sep 17, 2018 - 12:34 PM (IST)

चंडीगढ़ (रोहिला): बारिश के लिहाज से इस मानसून सीजन ने चंडीगढ़वासियों को निराश नहीं किया। पिछले कुछ मानसून सीजन की बात करें तो पहले जहां शहर को इस सीजन में कम ही बारिशें नसीब होती थीं, वहीं इस बार जम कर बरसे बादलों ने इस कमी को दूर कर दिया। इस मानसून सीजन के खत्म होने से पहले ही बारिश ने पिछले 8 साल का रिकॉर्ड तोड़ डाला है। 

 

अमूमन मानसून में सबसे अधिक बारिश अगस्त में  होती है लेकिन अगस्त में ऐसा कम ही देखने को मिला पर सबसे ज्यादा बारिश सितम्बर में दर्ज की गई। हालांकि अभी यह महीना आधा ही बीता है। जून से सितम्बर तक मानसून शहर पर खूब मेहरबान रहा। 

 

चंडीगढ़ मौसम विभाग के डायरैक्टर सुरिंंद्र पाल के मुताबिक इस बार मानसून सीजन की शुरूआत से लेकर अब तक कुल 798.9 एम.एम बारिश हो चुकी है। हालांकि अब भी यह सामान्य से कम है, इस सीजन की बारिश ने पिछले 8 साल का रिकार्ड ध्वस्त कर दिया है। 2010 की बात करें तो तब 839 एम.एम बारिश दर्ज की गई थी। तब से लेकर अब तक बारिश कम ही रही। 

 

सितम्बर में अब तक हुई 99 एम.एम. बारिश
इस बार बारिश ने सीजन का नहीं बल्कि  मानसून सीजन में अकेले सितंबर में हुई बारिश का भी पिछले 3 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इस वर्ष सितंबर में 99 एम.एम. बारिश दर्ज की गई है। इससे पहले 2015 में सितंबर में 87.7 एम.एम बारिश दर्ज हुई थी। 2014 में यह आंकड़ा 142.7  एम.एम. था। 

 

रविवार को अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री सैल्सियस 
रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री सैल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम 23.7 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। चंडीगढ़ एयरफोर्स स्टेशन काअधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सैल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। चंडीगढ़ मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरिंंद्र पाल के मुताबिक आने वाले चार-पांच दिन मौसम साफ रहेगा। हालांकि 22 सितंबर के आसपास फिर बारिश की संभावना बनी हुई है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

pooja verma

Recommended News

Related News