स्वच्छ सर्वेक्षण सैरेमनी : सिटी ब्यूटीफुल को देशभर में मिला थर्ड क्लीनैस्ट सिटी का दर्जा

Sunday, Jun 24, 2018 - 08:09 AM (IST)

चंडीगढ़(राजिंद्र) : स्वच्छ सर्वेक्षण-2018 में सिटी ब्यूटीफुल को थर्ड क्लीनैस्ट सिटी का अवार्ड मिला है। इंदौर में हुई अवार्ड सेरेमनी में शनिवार को चंडीगढ़ नगर निगम के मेयर देवेश मोदगिल और निगम कमिश्नर के.के. यादव ने यह सम्मान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथ से हासिल किया। 

सम्मान पाने के बाद मेयर देवेश मोदगिल ने सभी चंडीगढ़वासियों को बधाई दी और कहा कि यह अवार्ड पूरे शहरवासियों के नाम है। उन्होंने इस सर्वेक्षण में शहर को तीसरे स्थान पर लाने के लिए शहरवासियों के दिए गए सहयोग का आभार जताया। इसके अलावा उन्होंने सभी पार्षदों, चंडीगढ़ व्यापार मंडल, बिजनैस काऊंसिल, मार्कीट एसोसिएशनें और रैजिडैंट वैल्फेयर एसोसिएशनों के अलावा सफाई कर्मियों का भी उनके काम के लिए आभार जताया। 

उन्होंने कहा कि अगली बार हम सभी को मिलकर और प्रयास करने होंगे ताकि शहर को इस मामले में अव्वल स्थान पर लाया जा सके। उन्होंने कहा कि मिनिस्ट्री ऑफ अर्बन अफेयर्स द्वारा करवाए गए सर्वे के तहत 4203 अर्बन लोकल बॉडी को सर्वेक्षण में शामिल किया गया था। 

उन्होंने कहा कि पिछली बार फीडबैक वर्ग में पिछड़ गए थे, जबकि इस बार इसमें आगे रहे। अलग-अलग वर्ग में कुल 4 हजार अंक तय किए गए थे, जिसमें से शहर को 3649 अंक प्राप्त हुए हैं। इस मौके पर पूर्व निगम कमिश्नर जितेंद्र यादव, एडिशनल कमिश्नर डा. सौरव मिश्रा और एस.बी.एम. सैल की एस.डी.ई. कवलीन कौर उपस्थित थे। 

यू.टी. प्रशासन को मिले 4 अवार्ड :
नई दिल्ली में आयोजित स्कॉच-ऑर्डर ऑफ मैरिट समारोह में चंडीगढ़ प्रशासन को चार अवार्ड मिल हैं। पहला पुरस्कार मोबाइल फूड टैस्टिंग वैन के सफल ऑपरेशन के लिए मिला है। दूसरा अवार्ड प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान ‘पी.एम.एस.एम.ए.’ को सफलतापूर्वक लागू करने के लिए दिया गया है। तीसरा अवार्ड कायाकल्प के तहत यू.सी.एच.सी.-45 के इंप्लीमेंटेशन के लिए दिया गया है। चौथा पुरस्कार नाइट विजिल के लिए मिला है। 

Punjab Kesari

Advertising