इन पांच थानों ने चार महीने से नहीं किया कोई गुड वर्क

punjabkesari.in Thursday, May 03, 2018 - 08:33 PM (IST)

चंडीगढ़ (सुशील): चंडीगढ़ के पांच थानों की पुलिस ने पिछले चार महीने से कोई भी अच्छा काम नहीं किया है। यह वही थाने हैं, जिनमें चंडीगढ़ पुलिस के आला अफसरों ने नए इंस्पैक्टरों को एस.एच.ओ. का कार्यभार सौंपा था। कुछ एस.एच.ओ. को तो पुलिस विभाग ने उनके कार्य को देखते हुए ट्रांसफर कर दिया लेकिन कुछ पर अफसर मेहरबान हैं। 

 

चंडीगढ़ पुलिस की वैबसाइट पर सभी थानों के गुडवर्क की लिस्ट उपलब्ध है। इनमें सैंट्रल डिवीजन के थाना सारंगपुर, साऊथ डिवीजन के थाना सैक्टर-49 और ईस्ट डिवीजन के थाना इंडस्ट्रियल एरिया, मौलीजागरां और आई.टी. पार्क थाना पुलिस पिछले चार से छह महीने के दौरान गुड वर्क की लिस्ट में पिछड़ चुकी है। 

 

कई इंस्पैक्टरों को थाने का चार्ज देकर देखा था अनुभव 
चंडीगढ़ पुलिस विभाग के आला अफसरों ने काम करने वाले थाना प्रभारी हटाकर नए इंस्पैक्टर को थाना प्रभारी बनने का मौका दिया था। जिन थानों में चार से छह महीने में कोई गुड वर्क नहीं हुआ है, उन थानों में नए इंस्पैक्टरों को एस.एच.ओ. की कमान दी गई थी। 

 

मौलीजागरां थाने में कपिल देव को, सैक्टर-19 थाने में अश्वनी, इंडस्ट्रियल एरिया थाने में जैड.बी. खान, मनीमाजरा थाने में कर्मचंद, सारंगपुर थाने में जसमिंदर सिंह और मलोया थाने में प्रदीप कुमार को लगाया गया था लेकिन यही थाने गुड वर्क की लिस्ट में पिछड़ गए। 

 

लिहाजा, पुलिस विभाग ने सैक्टर-19 थाना प्रभारी अश्वनी को बदलकर इंस्पैक्टर दविंदर कुमार को, मनीमाजरा थाना प्रभारी कर्मचंद को बदलकर इंस्पैक्टर रणजीत सिंह, मलोया थाना प्रभारी प्रदीप को बदलकर इंस्पैक्टर बलदेव कुमार और सारंगपुर थाना प्रभारी जसमिंदर को  बदलकर इंस्पैक्टर रामरतन को एस.एच.ओ. की कमान सौंपी है। 

 

सैंट्रल डिवीजन 
चंडीगढ़ पुलिस की सैंट्रल डिवीजन में सैक्टर-3, 11, 17 और सारंगपुर थाना आता है। लिस्ट में 18 अप्रैल 2018 तक सैक्टर-3, 11 और 17 थाने के गुड वर्क को अपडेट किया गया है। इसके अलावा सारंगपुर थाना पुलिस द्वारा तीन अक्तूबर 2017 तक ही गुड वर्क किए गए हैं। इसके बाद सारंगपुर थाना पुलिस ने छह महीने तक कोई गुड वर्क नहीं किया है। 

 

साऊथ डिवीजन
साऊथ डिवीजन में सैक्टर-34, 36, 39, 49 और मलोया थाना आता है। सैक्टर-34, 36 और मलोया थाना पुलिस ने 18 अप्रैल  तक ही गुड वर्क किए हैं, जबकि सैक्टर-49 थाना पुलिस ने 31 दिसम्बर 2017 के बाद कोई भी अच्छा काम नहीं किया है। पुलिस सिर्फ नॉर्मल डयूटी देने में लगी हुई है। 

 

ईस्ट डिवीजन
ईस्ट डिवीजन में मनीमाजरा, मौलीजारां, आई.टी. पार्क, इंडस्ट्रियल एरिया और सैक्टर-26 थाना आता है। यहां सैक्टर-19 थाना पुलिस ने 24  जनवरी 2018 तक, सैक्टर-26 थाना पुलिस ने 18 अप्रैल 2018 तक, इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने 25 सितम्बर 2017, मौलीजागरां थाना पुलिस ने 17 सितम्बर 2017, आई.टी. पार्क थाना पुलिस ने 25 सितम्बर 2017 और मनीमाजरा थाना पुलिस ने 24 जनवरी 2018 तक ही गुड वर्क किया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Punjab Kesari

Recommended News

Related News