रक्षा मंत्रालय ने इस विषय को किया अस्वीकार, अब राजपथ पर दिखाई नहीं देगी चंडीगढ़ प्रशासन की झांकी

Sunday, Dec 10, 2017 - 10:43 AM (IST)

चंडीगढ़(राय) : आगामी 26 जनवरी को चंडीगढ़ प्रशासन की झांकी दूसरे वर्ष लगातार राजपथ पर दिखाई नहीं देगी। बताया जाता है कि चंडीगढ़ प्रशासन ने इसके लिए अंतर्राष्ट्रीय गुडिय़ा संग्रहालय का विषय प्रस्तावित किया था जिसे रक्षा मंत्रालय ने अस्वीकार कर दिया था। पहले प्रशासन ने शहर के फ्रेंच मास्टर वास्तुकार ली-कार्बूजिए के कार्यों का प्रस्ताव तैयार किया था पर बाद में उसमें बदलाव कर दिया। 

 

चंडीगढ़ के सैक्टर-23 में अंतर्राष्ट्रीय गुडिय़ा संग्रहालय पर्यटकों के आकर्षण का मुख्य केंद्र है। इसमें रूस, स्पेन, जर्मनी, नीदरलैंड, डेनमार्क और दक्षिण कोरिया जैसे विभिन्न देशों से करीब 300 गुडिय़ा हैं। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय स्तर पर बनाई जाने वाली चयन समिति देशभर से 25 राज्यों, केंद्र-शासित प्रदेशों और केंद्रीय मंत्रालयों से सांस्कृतिक विविधता, विज्ञान और प्रौद्योगिकी और सैन्य शक्ति में प्रगति को राजपथ पर प्रदॢशत करती है। राज्यों और केंद्रशासित राज्यों की सबसे अच्छी झांकी को केंद्र सरकार द्वारा सम्मानित भी किया जाता है।

 

उल्लेखनीय है कि चंडीगढ़ प्रशासन ने 2017 में गणतंत्र दिवस परेड के लिए अपनी प्रविष्टि नहीं भेजी थी, क्योंकि वह विषय का चयन नहीं कर पाए थे। 2016 में वास्तुकला और शहर की हरियाली को प्रदर्शित किया गया था पर वह प्रभाव नहीं छोड़ पाई। 2015 में रक्षा मंत्रालय ने फिर से ली-कार्बूजिए और गुलाब समारोह का काम शामिल करने के कारण उसे अस्वीकार कर दिया था। वर्ष 2014 में 13 साल बाद रॉक गार्डन पर चंडीगढ़ की झांकी राजपथ पर दिखी थी। 

Advertising