राजपथ पर नहीं नजर आएगी चंडीगढ़ की झांकी, जानिए वजह

Wednesday, Dec 06, 2017 - 01:11 PM (IST)

चंडीगढ़ : साल 2018 में गणतंत्र दिवस पर दिल्ली के राजपथ पर इस बार भी चंडीगढ़ की झांकी देखने को नहीं मिलेगी। थीम बेहतर न होने के कारण इस बार चंडीगढ़ की झांकी को शामिल नहीं किया गया है। प्रशासन ने झांकी का जो थीम प्रस्ताव में भेजा था, उसे गवर्नमेंट ऑफ इंडिया ने स्वीकार नहीं किया। इसलिए बुधवार को दिल्ली में होने वाली मीटिंग में सिर्फ उन केंद्र शासित प्रदेश और राज्यों की टीम को बुलाया गया है, जिनकी थीम परेड के लिए फाइनल हो चुकी है। चंडीगढ़ को इसकी सुचना नहीं दी गई है। प्रशासनिक अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की है। 

 

गणतंत्र दिवस परेड के लिए सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से अलग-अलग थीमों पर प्रस्तावों की मांगे जाते हैं। जो थीम फाइनल होती है, उसके आधार पर ही रक्षा मंत्रालय के सहयोग से दिल्ली में एक झांकी का आयोजन किया जाता है। चंडीगढ़ प्रशासन ने इस बार 'इंटरनेशनल डॉल म्यूज़ियम' की थीम पर अपना प्रस्ताव झांकी के लिए भेजा था। 'इंटरनेशनल डॉल म्यूज़ियम'  के अनोखेपन को ध्यान में रखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन ने सलेक्शन कमेटी को प्रस्ताव भेजा, लेकिन इसे रद्द कर दिया गया। 

 

मालूम हो कि साल 2016 में चंडीगढ़ की झांकी राजपथ पर दिखी थी। इसमें कैपिटल कॉम्प्लेक्स, रॉक गार्डन और शहर की ग्रीनरी व क्वालिटी ऑफ लाइफ को दिखाया गया था। उसके बाद 2017 में भी सलेक्शन कमेटी ने चंडीगढ़ की थीम पसंद न आने की वजह से उसे राजपथ की झांकी में शुमार करने से मना कर दिया था। अधिकारियों का कहना है कि चंडीगढ़ बहुत छोटा शहर है। इसलिए यहां थीम में दर्शाने के लिए चीजें भी कम हैं। 

Advertising