सैक्टर-53 स्कीम में हो सकता है फेरबदल

Thursday, Feb 27, 2020 - 01:03 PM (IST)

चंडीगढ़ (साजन) : हाऊसिंग बोर्ड जल्द ही सैक्टर-53 में शुरू होने जा रही हाऊसिंग प्रोजैक्ट की समीक्षा करेगा। स्कीम में कई मुख्य बदलाव किए जा सकते हैं। थ्री बैडरूम के फ्लैट में चूंकि लोगों ने ज्यादा दिलचस्पी दिखाई है, तो इसमें फ्लैटों की संख्या बढ़ाई जा सकती है, जबकि दूसरी तरफ वन बी.एच.के. और ई.डब्ल्यू.एस. के फ्लैटों की संख्या में कमी की जा सकती है। डिमांड सर्वे के अनुरूप इस स्कीम के फ्लैट बनाने को लेकर बदलाव की तैयारी है। हाऊसिंग बोर्ड के चेयरमैन अजोय कुमार सिन्हा ने ये जानकारी देते हुए बताया कि आगामी बोर्ड की मीटिंग में इस पर विचार किया जाएगा।

 

3 महीने में मात्र 178 लोगों ने आवेदन किया
सी.एच.बी. की तरफ से सैक्टर-53 में 492 फ्लैट्स की स्कीम के लिए शहरवासियों ने कोई खास रूचि नहीं दिखाई। तीन महीने में सिर्फ 178 लोगों ने आवेदन किया है। कम आवेदकों की संख्या को देखने के बाद सी.एच.बी. अब स्कीम में बदलाव करने की तैयारी कर रहा है। सूत्रों के अनुसार सैक्टर-53 में फ्लैट्स तो बनाए जाएंगे, लेकिन सी.एच.बी. संख्या में कटौती या बढ़ौतरी कर सकता है। 

 

इस पर विचार किया जा रहा है। सैक्टर-53 में फ्लैट खरीदने के लिए 24 फरवरी तक 178 लोगों ने आवेदन किया है। इनमें से सबसे ज्यादा 95 आवेदन तीन बी.एच.के. फ्लैट के लिए आए हैं। इसके बाद ई.डब्ल्यू.एस. फ्लैट्स के लिए 38 लोगों ने आवेदन किया है।

 

उम्मीद के मुताबिक आवेदन नहीं आए
दो बी.एच.के. फ्लैट के लिए 33 और एक बी.एच.के. फ्लैट के लिए 12 लोगों ने आवेदन किया है। यह आंकड़े 25 अक्तूबर से लेकर 24 फरवरी के बीच के हैं। आवेदकों की संख्या को देखने के बाद सी.एच.बी. अपनी स्कीम में बदलाव कर फ्लैट्स की संख्या को कम कर सकता है। 

 

सी.एच.बी. के अजोय कुमार सिन्हा ने बताया कि बोर्ड की तरफ से सैक्टर-53 में फ्लैट बनाए जाएंगे क्योंकि 178 लोग ऐसे हैं, जिन्होंने मकान खरीदने के लिए आवेदन कर दिया है। हालांकि उम्मीद के मुताबिक आवेदन नहीं आए हैं, इसलिए फ्लैट्स की संख्या कम ज्यादा की जा सकती है, लेकिन स्कीम को निरस्त नहीं किया जाएगा।

pooja verma

Advertising