चंडीगढ़ पुलिस पर कोई राजनीतिक दबाव नहीं : सांसद किरण खेर

Tuesday, Aug 08, 2017 - 12:08 AM (IST)

चंडीगढ़, (राय): भाजपा सांसद किरण खेर का कहना है कि महिला से छेड़छाड़ मामले में चंडीगढ़ पुलिस पर कोई राजनीतिक दबाव नहीं था, इसमें हरियाणा भाजपा अध्यक्ष के बेटे और एक अन्य व्यक्ति पर मुकद्दमा दर्ज किया गया है। उनका कहना है कि पीड़िता और उसके परिवार को न्याय जरूर मिलेगा।

भाजपा सांसद ने खेद जताया कि कुछ अनर्गल आरोप लगाए जा रहे हैं कि सी.सी.टी.वी. फुटेज गायब कर दी गई है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कानून अपना काम करेगा। पीड़िता के पिता हरियाणा के वरिष्ठ आई.ए.एस. अफसर हैं और उन्होंने सोशल मीडिया पर लोगों से महिलाओं के प्रति अपराध के खिलाफ लडऩे के लिए आग्रह किया था।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि उनका व्यवस्था में पूरा विश्वास हैं और वह बेटी की जिंदगी बचाने के लिए चंडीगढ़ पुलिस के आभारी हैं। एफ.आई.आर. दर्ज करने के फौरन बाद उन्होंने गृह विभाग से सी.सी.टी.वी. फुटेज को सुरक्षित रखने के लिए अनुरोध किया था।

उन्होंने यह भी कहा कि हम साफ हैं कि जब तक आरोपित परिवार की तरफ से जांच या अभियोजन को प्रभावित करने की कोशिश नहीं की जाती तब तक इस मामले में हम परिवार को जिम्मेदार नहीं बना सकते।

चंडीगढ़ से भाजपा सांसद खेर ने इन दावों को गलत बताया कि अभियुक्तों पर हल्की धाराएं लगाई गई हैं क्योंकि यह मामला एक राज्य भाजपा नेता से जुड़ा है। पुलिस पेशेवर सुरक्षा बल के तौर पर काम कर रही है। अगर जांच में कोई नई चीज आएगी तो पुलिस उसे जरूर देखेगी। साथ ही शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हो। एक मां के तौर पर मैं पीड़ित परिवार की भावनाओं को समझ सकती हूं और मामले में जो भी कानूनी और सही होगा उसे किया जाएगा।

Advertising