के.एल.एफ. मॉड्यूल के 5 गुर्गे गिरफ्तार
punjabkesari.in Saturday, Jul 29, 2023 - 09:19 PM (IST)

चंडीगढ़, (रमनजीत): पंजाब पुलिस ने विदेश आधारित खालिस्तान लिबरेशन फोर्स (के.एल.एफ.) के 5 गुर्गों को गिरफ्तार कर स्वतंत्रता दिवस से पहले पाक-आई.एस.आई. की पंजाब की शांति और सद्भावना को भंग करने की साजिश को नाकाम कर दिया। इस संबंधी डी.जी.पी. पंजाब गौरव यादव ने बताया कि सूचना मिली थी कि विदेश आधारित कुछ आतंकवादी तत्वों ने जेलों में बंद अपराधियों के द्वारा अपने गिरोह में सदस्यों को शामिल करके मॉड्यूल तैयार किया है, जो अल्पसंख्यको के नेताओं, पुलिस अधिकारियों और अन्य प्रमुख शख्सियतों को निशाना बनाने की साजिश रच रहे हैं। इस पर एस.ए.एस. नगर के स्टेट स्पैशल ऑप्रेशन सैल (एस.एस.ओ.सी.) ने तुरंत केस दर्ज करके विशेष ऑप्रेशन शुरू कर दिया। लगभग 2 हफ्तों तक चले ऑप्रेशन, जिसमें सूझबूझ से खुफिया जानकारी इकट्ठी करने, तकनीकी विश्लेषण और तेजी के साथ कार्रवाई के चलते पंजाब पुलिस को इस नापाक साजिश में शामिल आतंकवादी माड्यूल के 5 गुर्गों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली।
उन्होंने कहा कि जांच से पता लगा कि इस नए बने माड्यूल के संबंध उन विदेशी हैंडलरों के साथ जुड़े होने के बारे पता चला है, जिन्होंने 24 जून, 2023 को बटाला में राजीव महाजन को निशाना बनाया था और वह राज्य में सुनियोजित कत्ल की अलग-अलग घटनाओं को अंजाम देने के लिए इन गुर्गों के द्वारा इस अलग मॉड्यूल को चला रहे थे। के.एल.एफ. के गुर्गे फर्जी नाम रणजोध सिंह का प्रयोग करके भारत में नौजवानों की पहचान कर रहे हैं और जेल में बंद अपराधियों के द्वारा गिरोह में मैंबर भर्ती कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि फिर वह सोशल मीडिया का प्रयोग करके ऐसे नौजवानों को भ्रमित करते हैं और राज्य में सुनियोजित कत्ल की घटनाओं को अंजाम देने के लिए उनके बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करते हैं।
डी.जी.पी. ने दोहराया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व अधीन पंजाब पुलिस राज्य में अमन-शांति और भाईचारक सांझ को कायम रखने के लिए पूरी तरह वचनबद्ध है और देश विरोधी तत्वों के नापाक मंसूबों को कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। ए.आई.जी. एस.एस.ओ.सी. एस.ए.एस. नगर अश्वनी कपूर ने बताया कि यह पता लगा है कि के.एल.एफ. के विदेश आधारित हैंडलरों ने माड्यूल के सदस्यों को निशाना बनाए जाने वाले व्यक्तियों की सूची प्रदान की थी और उन्होंने पहले ही कुछ व्यक्तियों की रेकी भी की हुई थी। इस संबंधी आगे जांच जारी है। इस संबंधी थाना एस.एस.ओ.सी. एस.ए.एस. नगर में पहले ही केस दर्ज किया जा चुका है।