हरियाणा ने आतिथ्य सत्कार से जीता विदेशी मेहमानों का दिल
punjabkesari.in Saturday, Apr 01, 2023 - 07:35 PM (IST)

चंडीगढ़,(पांडेय): हरियाणा सरकार ने कला-संस्कृति, खान-पान और आतिथ्य सत्कार से जी-20 बैठकों में शामिल होने वाले विदेशी मेहमानों का दिल जीत लिया। शुक्रवार रात को पिंजौर के ऐतिहासिक यादवेंद्र गार्डन में सरकार की ओर से एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें विदेशी मेहमानों को हरियाणा व देश की संस्कृति से रूबरू कराया गया। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जे पी दलाल और विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र बबली सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने भी कार्यक्रम में शिरकत की। गार्डन में पहुंचे प्रतिनिधियों को भारत की अतिथि देवो भव: और वसुधैव कुटुंबकम् की परंपरा और समृद्ध कला संस्कृति से रूबरू कराने के लिए यह आयोजन किया गया है।
पारंपरिक वाद्य यंत्रों व तिलक लगाकर किया मेहमानों का अभिनंदन
रात्रि के समय यादवेंद्र गार्डन रंग -बिरंगी रोशनी से सराबोर नजऱ आया, जो माहौल को और खुशनुमा और खास बना रहा था। विदेशी मेहमानों के आगमन पर मुख्य गेट पर पारंपरिक परिधान पहने हरियाणवी कलाकार ढोल नगाड़े बजाकर उनका अभिनंदन कर रहे थे। इसके बाद, मेहमानों को तिलक लगाकर व पारंपरिक लोक गीत गाकर स्वागत किया गया।
-संस्कृतिक प्रस्तुतियों से झूम उठे विदेशी मेहमान
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा। प्रदेश में विभिन्न त्योहार व अन्य अवसरों जुड़े पारंपरिक लोक नृत्यों लूर, घूमर, धमाल, फाग, फाल्गुन आदि की प्रस्तुति देते हुए हरियाणवी लोक शैली का प्रभावी रूप से प्रदर्शन किया। इससे विदेशी मेहमानों को भी झूमने पर मजबूर कर दिया। विदेशी मेहमानों ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री जे पी दलाल, विकास एवं पंचायत मंत्री श्री देवेंद्र बबली सहित वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समूह चित्र भी खिंचवाए।
-मुख्यमंत्री नजऱ आए अनूठे अंदाज में
मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल और कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री जे पी दलाल और अन्य अतिथियों ने गार्डन का भ्रमण किया और जी -20 सदस्य देशों के प्रतिनिधियों का अभिनंदन किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री अनूठे अंदाज में नजऱ आए। उन्होंने भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने कलाकरों से भी बातचीत की और उनकी हौसला अफजाई की। वे छोटे बच्चों के साथ भी खुशनुमा मूड में नजऱ आए। उन्होंने ढोल नगाड़े बजाने वाले कलाकारों के साथ मिलकर ढोल भी बजाया, जिससे कलाकार भी और अधिक जोश व उत्साहित हो उठे।
-आतिथ्य सत्कार के कायल हुए मेहमान
हरियाणा सरकार द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में प्रतिनिधियों ने हरियाणा की मेजबानी की बहुत प्रशंसा की। यहां मिले सम्मान व सत्कार को उन्होंने अतुलनीय बताया। रात्रि भोजन पर हरियाणा के व्यंजनों, कला-संस्कृति पर आधारित पेंटिंग की प्रदर्शनी व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी सराहना की। इस दौरान विदेशी मेहमानों को प्रमुख महत्व वाले स्थानों, कला-संस्कृति, खान-पान आदि विविध पहलुओं से रूबरू कराया गया। रात्रिभोज पर विभिन्न क्यूजीन के साथ-साथ अंतर्राष्ट्रीय मिलेट ईयर के तहत मोटे अनाज से तैयार व्यंजन भी परोसे गए।
इस मौके पर मुख्य सचिव संजीव कौशल, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव डी.एस. ढेसी, भारत सरकार के कृषि विभाग के अतिरिक्त सचिव डॉ अभिलक्ष लिखी, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ. अमित अग्रवाल, पुलिस महानिदेशक पी.के. अग्रवाल, ए.डी.जी.पी. सी.आई.डी. आलोक मित्तल, पंचकूला के उपायुक्त महावीर कौशिक सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद थे।
सबसे ज्यादा पढ़े गए
Related News
Recommended News
हार्दिक पांड्या दुनिया के सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडरों में से एक, दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर का बयान

Recommended News

पाकिस्तान में पोलियो टीकाकरण टीम पर फिर आतंकी हमला, एक सुरक्षाकर्मी की मौत

ओडिशा रेल हादसा : भारतीय नौसेना ने 43 कर्मियों की मेडिकल टीम भेजी, 1100 से अधिक घायल

डकैती की योजना बना रहे गिरोह के 4 सदस्य काबू, देसी पिस्तौल व तेजधार हथियार बरामद

महिला की मौत पर हरोली अस्पताल में परिजनों का हंगामा, डॉक्टर के साथ की बहसबाजी