लड़की को पीटने से रोका तो मारी गोली, गंभीर

punjabkesari.in Tuesday, Jun 25, 2019 - 11:14 AM (IST)

पंचकूला(चंदन): देर रात सैक्टर-32 स्थित होटल नॉर्थ पार्क के बाहर झगड़े में एक युवक पर फायर करने का मामला सामने आया है। युवक को दो गोलियां लगी हैं। उसे पी.जी.आई. में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने गोली चलाने वाले आरोपी को सैक्टर-20 स्थित मार्कीट के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान जीरकपुर निवासी अनूप जिंदल के रूप में हुई है।

 पुलिस ने आरोपी के पास से पिस्टल भी बरामद कर ली है। पिस्टल लाइसैंसी है। आरोपी पेशे से सिविल इंजीनियर है और सरकारी ठेके लेता है। पुलिस ने होटल के मैनेजर को भी नोटिस दिया है। होटल मेंं लगे सी.सी.टी.वी. फुटैज की जांच की जा रही है। आरोपी को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

 पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गेट नंबर-4 माजरी निवासी जगविंद्र सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि रविवार रात साढ़े 9 बजे वह और उसके दोस्त पटियाला निवासी फतेह, मनीमाजरा के सैंडी, अमृतसर निवासी सुख व दीप सिंह सभी लोग दो गाडिय़ों में आए थे। सभी नॉर्थ पार्क के सामने सड़क पर रात 12 बजे खड़े थे। होटल की पार्किंग एक लड़का और 2 लड़कियां खड़े थे। तभी लड़का एक लड़की को पीटने लगा। 

फतेह सिंह ने जब इसकी वजह पूछी तो वह उसके साथ झगड़ा करने लगा। सूचना पाकर पी.सी.आर. गाड़ी मौके पर पहुंची और बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को शांत करवा दिया। इसके बाद आरोपी युवक ने होटल के अंदर से अपने पापा को बुला लिया। अंदर से एक व्यक्ति आया और उसने एक फतेह सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी।

कंधे के आर-पार हो गई गोली  
कुछ ही देर बाद होटल से तीन लड़के और आए और उन लोगों से मारपीट करने लगे। इसी दौरान एक युवक ने फतेह सिंह पर गोली चला दी जो उसके बाएं कंधे के आरपार हो गई। दूसरा फायर किया तो फतेह सिंह नीचे गिर गया और गोली उसके सिर को छूकर निकल गई। जिस समय गोली चली, तब पी.सी.आर. गाड़ी थोड़ी दूरी पर ही खड़ी थी। 

गोली की आवाज सुनकर काफी लोग एकत्रित हो गए क्योंकि जिस समय यह घटना हुई, उस समय होटल में पार्टी चल रही थी। फायरिंग करने के बाद आरोपी युवक गाडिय़ों में सवार होकर भाग गए। घायल फतेह सिंह को उसका दोस्त जगविंद्र सिंह पी.सी.आर. गाड़ी में डालकर सैक्टर-6 स्थित सामान्य अस्पताल में ले गया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए उसे पी.जी.आई. रैफर कर दिया, जहां उसका उपचार चल रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

bhavita joshi

Recommended News

Related News