फ्रैंच डैलीगेशन के सुझाव स्मार्ट सिटी प्रोपोजल में होंगे शामिल

Friday, Nov 27, 2015 - 01:52 AM (IST)

 चंडीगढ़, (विजय): चंडीगढ़ प्रशासन के अधिकारियों ने वीरवार को फ्रांस से आए डैलीगेशन के साथ मीटिंग की। फ्रैंच एंबैंसी की काऊंसल डिवैल्पमैंट ड्यूरेबल फैनी हेरे के नेतृत्व में आए डैलीगेशन ने विभिन्न मुद्दों पर प्रशासनिक अधिकारियों को सुझाव दिए। अब यह सुझाव प्रशासन की ओर से स्मार्ट सिटी मिशन के तैयार हो रहे स्मार्ट सिटी प्रोपोजल में शामिल होंगे। मीटिंग में गृह सचिव अनुराग अग्रवाल, नगर निगम कमिश्नर भावना गर्ग, सैक्रेटरी इंफॉर्मेशन टैक्नोलॉजी एस.बी. दीपक कुमार, स्मार्ट सिटी मिशन के नोडल ऑफिसर दानिश अशरफ, नगर निगम के असिस्टैंट कमिश्नर भूपेश चौधरी ने भाग लिया। इस दौरान फै्रंच डैलीगेशन की ओर से प्रैजैंटेशन भी दी गई। इस अवसर पर दानिश अशरफ ने बताया कि मीटिंग से जो भी अहम सुझाव निकलकर सामने आएंगे उन्हें स्मार्ट सिटी प्रोपोजल में शामिल किया जाएगा।

प्रोजैक्ट्स की दी जानकारी

गृह सचिव अनुराग अग्रवाल ने बताया कि फ्रैंच डैलीगेशन ने विभिन्न प्रोजैक्ट्स की पूरी जानकारी दी। यह भी बताया कि इन पर कितना खर्चा होगा और उन्हें वास्तिवक रूप लेने में कितना समय लगेगा।

इसके लिए फ्रांस की भी कुछ टैक्नीकल कंपनियों को चंडीगढ़ बुलाया जाएगा जो प्रोजैक्ट्स की अधिक जानकारी देंगे। गृह सचिव ने बताया कि फ्रैंच गवर्नमैंट ने पहले ही स्मार्ट सिटी को समर्थन देने के लिए देश के 3 शहरों को आर्थिक सहायता देने पर भी सहमति जता दी है। इनमें चंडीगढ़ के अतिरिक्त पुड्डुचेरी और नागपुर भी शामिल हैं।

Advertising