खुले में शौच के खिलाफ निगम ने शहर में चलाया अभियान, लोगों ने किया विरोध

Monday, Sep 26, 2016 - 01:01 AM (IST)

चंडीगढ़, (विजय) : पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर रविवार को नगर निगम द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के तहत शहर में एक ड्राइव चलाई गई। ड्राइव को रविवार सुबह नगर निगम के कमिश्नर बलदेव पुरुषार्थ ने रेलवे स्टेशन में हरी झंडी दिखाई। इस मौके पर मिनिस्ट्री ऑफ अर्बन डिवैल्पमैंट की ओर से रितु पंचोरी भी पहुंची हुई थी। निगम के ज्वाइंट कमिश्नर विरेंद्र चौधरी और मनोज खत्री के अतिरिक्त डिप्टी मेयर हरदीप सिंह चीफ इंजीनियर एन.पी. शर्मा, मैडीकल ऑफिसर ऑफ हैल्थ डा. पी.एस. भट्टी की टीम ने सैनिटेशन औन इंजीनियरिंग स्टाफ के साथ मिलकर यह ड्राइव चलाई। 

इस मौके पर निगम कमिश्नर ने एल.ई.डी. स्क्रीन वाले मोबाइल ट्रक को हरी झंडी दिखाई। एल.ई.डी. के जरिए लोगों को लघु फिल्में दिखाई जाएंगी। इसके जरिए खुले मे शौच करने के बुरे प्रभावों के बारे में जानकारी दी जाएगी। यह ड्राइव शाहपुर कालोनी, फैदां, मनीमाजरा और इंदिरा कालोनी में भी चलाई गई।

कालोनी वासियों ने किया अभियान का विरोध
खुले में शौच के खिलाफ निगम के अभियान के खिलाफ कालोनी नंबर-4, संजय लेबर कॉलोनी और कबाड़ी मार्कीट में रहने वाले लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। इलाके के सभी सार्वजनिक शौचालयों के बाहर चंडीगढ़ कांग्रेस कमेटी के महासचिव शशिशंकर तिवारी की अगुवाई में मेयर अरुण सूद व एरिया पार्षद सतीश कैंथ के खिलाफ नारेबाजी की गई। तिवारी ने कहा कि कालोनी व झुग्गीवासियों को खुले में शौच जाने वालों को हतोत्साहित करने हेतु मार्शल लगाए गए हैं परंतु सार्वजानिक शौचालयों में पानी व सफाई की व्यवस्था की और ध्यान नहीं दिया जिससे इन क्षेत्रों के निवासियों के मन में प्रशासन व नगर निगम को चला रहे अधिकारियों व नेताओं के प्रति भरी आक्रोश पैदा हो गया है। 

भाजपा शासित नगर निगम ने स्वच्छता अभियान के नाम पर कालोनी नंबर चार संजय लेबर कालोनी, कबाड़ी मार्कीट एवं झुग्गी झोपडिय़ों में कार्रवाई तो शुरू कर दी है पर सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था नहीं की। जो शौचालय हैं, उनमें भी पानी नहीं आ रहा और गंदगी की भी भरमार है।

Advertising