कॉमनवैल्थ गेम्स के विजेता खिलाडिय़ों को हरियाणा सरकार देगी करोड़ों के ईनाम

Monday, Aug 08, 2022 - 08:36 PM (IST)

चंडीगढ़,(बंसल): बर्मिंघम में 22वें राष्ट्रमंडल खेलों में देश के खिलाडिय़ों ने अपना शानदार प्रदर्शन बरकरार रखा है। अभी तक देश को कुल 55 मैडल हासिल हुए हैं, जिसमें 18 गोल्ड, 15 सिल्वर और 22 ब्रॉन्ज मैडल शामिल हैं। देश की आबादी में लगभग दो प्रतिशत भागीदार हरियाणा ने इन खेलों में अपना दबदबा कायम रखा है। भारतीय दल में इस बार सबसे ज्यादा 43 खिलाड़ी हरियाणा से हैं। इनमें से 17 खिलाडिय़ों ने मैडल जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सभी खिलाडिय़ों को दमदार प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम दुनिया में रोशन करने के लिए बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

 


राष्ट्रमंडल खेलों में हरियाणा के खिलाडिय़ों के बेहतरीन प्रदर्शन से मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी गद्गद् हैं। उन्होंने एक बयान में कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों में हरियाणा के खिलाडिय़ों ने इस बार ल_ गाड़ दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के धाकड़ खिलाडिय़ों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि म्हारे पहलवानों का डंका पूरे विश्व में बजता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार की खेल नीति का ही परिणाम है कि राष्ट्रमंडल खेलों में हरियाणा के खिलाडिय़ों ने धड़ाधड़ गोल्ड मैडल जीते। 

 


मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले कई सालों में हरियाणा ने देश को बेहतरीन खिलाड़ी दिए हैं। चाहे मुक्केबाजी की बात हो या कुश्ती की ऐसे कई खेल हैं, जिसमें हरियाणा के खिलाडिय़ों का प्रदर्शन धाकड़ रहा है। महिला और पुरुष वर्ग दोनों में ही हरियाणा के एथलीट अव्वल साबित हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने वाले खिलाडिय़ों को स्वर्ण पदक के लिए डेढ़ करोड़ रुपए, रजत पदक के लिए 75 लाख रुपए और कांस्य पदक के लिए 50 लाख रुपए देगी। इसके साथ ही राष्ट्रमंडल खेलों में भाग लेने वाले खिलाडिय़ों को साढ़े सात लाख रुपए मिलेंगे।
 

Ajay Chandigarh

Advertising