गर्लफ्रेंड-ब्यॉयफ्रेंड के बीच हुआ झगड़ा तो लड़के ने काट ली हाथ की नस
punjabkesari.in Friday, Jan 08, 2016 - 12:10 AM (IST)

चंडीगढ़(संदीप): सैक्टर-16 शांति कुंज में उस समय हंगामा हो गया, जब वहां लड़की के साथ बैठे लड़के ने हाथ की नस काटने का कोशिश की। जानकारी के अनुसार लड़का और लड़की गर्लफ्रेंड-ब्यॉयफ्रेंड हैं, जिनमें किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। गुस्से में लड़के ने तेजधार चाकू से अपनी हाथ की नस काटने का प्रयास किया। लड़के को ऐसा करने से रोकते हुए लड़की भी घायल हो गई। हाथ पर कट लग जाने से अचानक अचेत हुए लड़के को देख लड़की ने शोर मचाया तो लोग इकट्ठे हो गए। मामले की सूचना पाकर सैक्टर-17 थाना प्रभारी उदयपाल सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों सैक्टर-11 स्थित सरकारी कालेज के छात्र हैं।
हैल्प करने के बजाय लोग वीडियो बनाते रहे
जानकारी के अनुसार वीरवार दोपहर शांति कुंज नालेके निचली तरफ पानी के समीप युवक और युवती बैठे हुए थे। इस दौरान युवक ने हाथ की नस काटने का प्रयास किया। हाथ पर कट लगने के बाद युवक बेहोश हो गया। घबराकर युवती ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आसपास के कुछ लोग हैल्प करने की बजाय मोबाइल पर वीडियो बनाने में मशगूल हो गए। पुलिस टीम ने वह चाकू बरामद कर लिया है, जिससे युवक ने हाथ काट लिया। पुलिस ने घायल हालत में दोनों को सैक्टर-16 अस्पताल पहुंचाया था, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को छुट्टी दे दी गई है। घायल युवक और युवती की तरफ से किसी तरह की कोई शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस ने मामले में डी.डी.आर. दर्ज कर ली है।