गुलदाऊदी शो शुरू, 266 किस्मों के दिखेंगे फूल

Saturday, Dec 09, 2017 - 09:48 AM (IST)

चंडीगढ़(राय) : सांसद किरण खेर ने शुक्रवार को 31वें गुलदाऊदी शो का उद्घाटन सैक्टर-33 के टैरेस गार्डन में किया। इस अवसर उन्होंने शो को ब्रोशर भी जारी किया। उन्होंने इस के आयोजन के लिए निगम के अधिकारियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने निगम के मजदूरों और मालियों को मिठाई भी बांटी। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ दुनिया भर में अपनी खूबसूरती और भव्य उद्यानों के लिए जाना जाता है जो ग्रीन कवर व वृक्षों के पूरक हैं। शो के स्टालों व फूलों को देखने के बाद सांसद व उनके साथ गए निगम अधिकारियों व निगम पार्षदों ने वहां बने शहीदी स्मारक पर पूल बी अर्पित किए। 

 

इस अवसर पर सांसद ने स्वच्छ भारत के बारे में जागरूकता पैदा करने और स्रोत स्तर पर कचरे का पृथक्करण करने के लिए निगम की आई.ई.सी. टीम द्वारा स्थापित स्वच्छ भारत स्टाल का भी दौरा किया। निगमायुक्त जीतेन्द्र यादव ने सुंदर फूल विकसित करने के लिए नगर निगम के माली के समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि मालियों के कारण हर साल लोग इस शो में फूलों की सुंदरता का आनंद लेते हैं। 

 

उन्होंने कहा कि नगर निगम हर साल गुलदाऊदी शो आयोजित करता है। पिछले साल इस शो में गुलदौदी की 264 किस्मों देखी गई, इस साल 266 किस्मों के फूल प्रदर्शित किए जा रहे हैं। इन सभी किस्मों का विकास निगम की नर्सरी में तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि इस शो में विभिन्न सरकारी/महिला सरकार संस्थानों और विभिन्न निजी उत्पादकों ने गमलों में उगने वाले फूलों की प्रतियोगिताओं में भाग लिया। 10 दिसम्बर को 3.00 बजे प्रत्येक श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ तीन प्रदर्शनों के विजेताओं को पुरस्कार दिया जाएगा। 

 

इस अवसर पर सांसद, निगमायुक्त के अतिरिक्त वरिष्ठ उप-महापौर और क्षेत्रीय पार्षद राजेश कुमार गुप्ता, अतिरिक्त आयुक्त अनिल कुमार गर्ग, मुख्य अभियंता मनोज बंसल, अधीक्षक अभियंता एन.पी. शर्मा  नगर पार्षदों और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। इस दौरान गुरुकुल ग्लोबल स्कूल, सैक्टर-20 पंचकूला के छात्रों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।   

Advertising