रोहित का दोहरा शतक, टीम इंडिया ने श्रीलंका को 141 रन से रौंदा

punjabkesari.in Wednesday, Dec 13, 2017 - 10:54 PM (IST)

मोहाली, (लल्लन): भारत-श्रीलंका वनडे सीरीज में 1-0 से पिछडऩे के बाद टीम इंडिया ने मोहाली में बुधवार को श्रीलंका को 141 रनों से मात दी। भारत की इस जीत के बाद अब सीरीज 1-1 की बराबरी पर पहुंच गई है। मैच में कप्तान रोहित शर्मा नेकरियर का तीसरा दोहरा शतक जड़ा। टीम इंडिया के 50 ओवर में 5 विकेट पर बनाए गए 392 रनों के जवाब में श्रींलकाई टीम 50 ओवर में 8 विकेट खोकर सिर्फ 251 रन ही बना सकी। रोहित शर्मा ने अपनी पारी में 12 छक्के और 13 चौके जड़े और 208 रन बनाकर नाबाद रहे। श्रेयस अय्यर ने 88 रन की पारी खेली।

श्रीलंका के तिषारा परेरा ने 3 विकेट झटके। सूरंगा लकमल कोई भी विकेट नहीं ले पाए। टीम इंडिया के विशाल स्कोर के जवाब में श्रीलंका की शुरूआत अच्छी नहीं रही और 15.3 ओवर में 62 रन पर उपुल थरंगा (7), धनुष्का गुणातिलक (16) और लाहिरू थिरमाने (21) पैविलियन लौट गए। दूसरे छोर पर एंजेलो मैथ्यूज ने निरोशन डिकवेला (22) के साथ मिलकर टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचाया। इसके बाद कप्तान तिषारा परेरा (5) भी जल्दी चलते बने, लेकिन मैथ्यूज एक छोर पर जमे रहे और अपना शतक पूरा किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला पाए। मैथ्यूज ने 3 छक्के और 9 चौकों की मदद से नाबाद 111 रन बनाए। भारत की ओर से यजुवेंद्र चाहल ने 60 रन देकर 3 व जसप्रीत बुमराह ने 43 रन देकर 2 विकेट झटके।

लकमल को एक ओवर में पड़े 26 रन

सुबह पहले श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारत की पारी की शुरूआत करने सलामी बल्लेबाज कप्तान रोहित शर्मा व शिखर धवन क्रीज पर उतरे। दोनों ने पहले विकेट की सांझेदारी करते हुए 12 ओवर में बिना विकेट खोए 50 रन बनाए। दोनों ने शतकीय सांझेदारी कर 19.2 ओवर में 102 रन जोड़ कर टीम को मजबूत शुरूआत दी। 115 के स्कोर पर शिखर धवन (68) रन बनाकर सचित पाथिराना की गेंद पर लाहिरू थिरिमाने को कैच थमा बैठे। शिखर ने अपनी पारी में 9 चौके जड़े। इसके बाद रोहित शर्मा ने श्रेयस अय्यर के साथ मिलकर पारी आगे बढ़ाई। दोनों ने टीम का स्कोर 34.1 ओवर में 200 रन तक पहुंचाया। इसके बाद रोहित ने 39.3 ओवर में सिंगल चुराकर शतक पूरा किया। रोहित ने लकमल के फैंके गए 44वें ओवर में 4 छक्के जड़े व इस ओवर में कुल 26 रन बटोरे। वहीं श्रेयस 88 रन बनाकर आऊट हुए। अपनी पारी में उन्होंने 2 छक्के व 9 चौके जड़े। धोनी 7 रन पर बनाकर कैच आऊट हुए। ।

 पी.सी.ए.में बने कई रिकार्ड..

पी.सी.ए. स्टेडियम में भारतीय क्रिकेट टीम ने कई कीर्तिमान भी स्थापित किए। मैच में श्रेयस और रोहित ने दूसरे विकेट के लिए 213 रन की सांझेदारी कर पी.सी.ए. के 10 साल पुराने रिकार्ड को तोड़ा दिया। यहां दूसरे विकेट के लिए 2007 में  पाकिस्तान के खिलाफ सचिन तेंदुलकर और गौतम गंभीर ने 173 रन की सांझेदारी की थी। यहां जैसे ही भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने नाबाद 208 रन बनाए तो उन्होने नया कीर्तिमान यहां स्थापित कर दिया। उन्होंने 153 गेंदों पर नाबाद 208 रन का सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत स्कोर बनाया, जो इस मैदान का बैस्ट स्कोर हैं। इससे पहले यह रिकार्ड विराट कोहली (नाबाद 154 रन) के नाम था जिन्होंने 2016 मे न्यूजीलैंड के खिलाफ यह पारी खेली थी। मोहाली में भारत का 392/4 रन अब तक का सबसे अधिक स्कोर है। इससे पहले भारत ने इसी मैदान पर 2007 में पाकिस्तान के खिलाफ 321 रन बनाए थे। वहीं साऊथ अफ्रीका ने 3 मार्च 2011 को यहां नीदरलैंड के खिलाफ 351 रन 5 विकेट पर बनाए थे।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News