महिला की संदिग्ध मौत, शक की सुई अपनों पर

punjabkesari.in Tuesday, Jun 20, 2017 - 12:43 AM (IST)

जीरकपुर, (गुरप्रीत): जीरकपुर के बलटाना में प्रेम विहार कालोनी में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। प्राथमिक जांच में मौत का कारण अवैध संबंध बताए जा रहे हैं। शक की सूई पति व मृतक की चचेरी बहन पर अटकी हुई है। पुलिस ने मृतका के पति को हिरासत में लेकर शव कब्जे में ले लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान 32 वर्षीय सुनीता देवी के रूप में हुई है। उसका विवाह 12 वर्ष पूर्व बलटाना निवासी राकेश कुमार के साथ हुआ था लेकिन अभी तक उनकी कोई संतान नहीं हुई। इसे लेकर पति-पत्नी के बीच तनाव चल रहा था। सुनीता चार-पांच वर्षों से अपने पिता के पास चंडीगढ़ में रह रही थी जोकि सैक्टर-33 में तंदूर चलाते हैं।

 बीते शुक्रवार को राकेश सुनीता को मनाकर वापस अपने साथ घर ले गया था, जहां दोनों के बीच सुनीता की चचेरी बहन को लेकर झगड़ा हुआ था। पुलिस को दी शिकायत में सुनीता के पिता सूरज गुप्ता ने बताया है कि राकेश का उसके भाई की बेटी के साथ निकटता थी और दोनों विवाह करना चाहते थे।

इसके लिए राकेश सुनीता पर दबाव बना रहा था लेकिन वह नहीं मान रही थी। पिता का आरोप है कि राकेश और सुनीता की चचेरी बहन ने ही सुनीता को रास्ते से हटाने के लिए उसकी हत्या की है। पिता की शिकायत पर पुलिस ने मृतका के पति राकेश को हिरासत में ले लिया है जिससे पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में रखवा दिया गया है।

5 बजे दी मरने की सूचना

जीरकपुर पुलिस स्टेशन के प्रभारी भगवंत सिंह ने बताया कि सुनीता के पिता को शाम करीब पांच बजे खुद राकेश ने फोन कर सूचित किया कि उनकी बेटी की अचानक तबीयत बिगडऩे से मौत हो गई है। सूचना मिलते ही सुनीता के परिजन घर पहुंचे और उसकी गर्दन पर निशान देखकर पुलिस को सूचित किया। उन्होंने बताया कि जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद या सबूत मिलते ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News