सुपर लग्जरी बसों के लिए नहीं मिल रही कंपनी

Friday, Apr 27, 2018 - 12:01 PM (IST)

चंडीगढ़(विजय) : शहर में सुपर लग्जरी बसों को चलने में अभी समय लगेगा। कई बार कोशिश करने के बावजूद चंडीगढ़ प्रशासन अपने इस प्रोजैक्ट के लिए कंपनी को फाइनल नहीं कर पाया है। प्रशासन ने इस साल जनवरी में सुपर लग्जरी बसों को चलाने के प्रोपोजल को हरी झंडी दी थी। विशेषतौर से शहर की सड़कों पर मर्सडीज बैंज, वॉल्वो या फिर स्केनिया कंपनी की लग्जरी बसों को चलाने का प्लान तैयार किया गया था। 

चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (सी.टी.यू.) को उम्मीद थी कि अप्रैल तक कंपनी फाइनल हो जाएगी लेकिन ऐसा हो नहीं पाया और अब एक बार फिर इन बसों को चलाने के लिए सी.टी.यू. को फिर से टैंडर जारी करना पड़ा। दरअसल, यह बसें महंगी होनेे की वजह से प्रशासन ने इन बसों को किराए पर लेने के लिए टैंडर जारी किया था। 

सी.टी.यू. द्वारा लग्जरी बसों को किलोमीटर के आधार पर चलाया जाएगा। यानी जितना किलोमीटर बसें चलेंगी, उसके आधार पर ही ट्रांसपोर्ट डिपार्टमैंट कंपनी को किराया देगा। शुरुआत में छह बसें ही डिपार्टमैंट चलाएगा। डिपार्टमैंट से मिली जानकारी के अनुसार चंडीगढ़ में इन बसों को पांच साल के लिए चलाया जाएगा। 

आई.टी.एस. और सी.सी.टी.वी. की होगी सुविधा :
हरेक बस कम से कम 41 सिटिंग कैपेसिटी वाली होगी। यात्रियों की सुरक्षा के लिए बसों में इंटैलीजैंट ट्रांसपोर्टेशन सिस्टम (आई.टी.एस.) लगा होगा। इसके अतिरिक्त 2 पी.आई.एस. बोर्ड, डैश बोर्ड कैमरा और दो सी.सी.टी.वी. कैमरे भी लगे होंगे। 

सी.सी.टी.वी. कैमरे की 15 दिनों की रिकॉर्डिंग का बैकअप होगा। बस को चलाने के लिए ड्राइवर की सुविधा भी कंपनी द्वारा ही दी जाएगी। हालांकि सी.टी.यू. की ओर से हरेक बस में अपना एक कंडक्टर रखा जाएगा। 

Punjab Kesari

Advertising