आसमान से बरसी आग ने तोड़े गर्मी के रिकॉर्ड, हर तरफ उफ्फ-हाय

Thursday, May 24, 2018 - 09:11 AM (IST)

चंडीगढ़(रश्मि) : मई में जहां शहर के लोग भीषण गर्मी सह रहे हैं वहीं आने वाले दिनों में यह गर्मी रिकोर्ड तोड़ सकती है। ऐसा इसलिए क्योंकि तापमान में लगातार बढ़ावा हो रहा है। हालांकि मई में अभी तक चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सैल्सियस तक पहुंचा है। चंडीगढ़ मौसम विभाग के अनुसार 25 मई के बाद शहर का तापमान 44  डिग्री सैल्सियस पार तक पहुंचने की संभावना बनी है। 

अगर ऐसा होता है तो मई के पिछले पांच वर्षों का रिकॉर्ड टूट जाएगा। बुधवार को भी भीषण गर्मी और लू का कहर देखने को मिला। दिनभर कड़ी गर्मी का माहौल रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले कुछ दिनों तक आसमान साफ रहेगा। लेकिन आने वाले दिनों में पारा और बढऩे की संभावना जताई गई है। एक दो-दिन तक पारा 44 डिग्री पार करने की संभावना जताई जा रही है। 

अगले दो दिन मौसम का रहेगा यही हाल :
सुबह से ही सूरज ने कड़े तेवर दिखाने शुरू कर दिए थे। दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री अधिक 42.6 डिग्री सैल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग के वैज्ञानिकों के अनुसार अगले दो दिन मौसम के ऐसा ही रहने की आशंका है। 

बुधवार को शहर का न्यूनतम 25.6 डिग्री सैल्सियस रहा। चंडीगढ़ एयरपोर्ट का अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सैल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 25.9  डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। 

Punjab Kesari

Advertising