24 घंटे में 91 एम.एम. बारिश: सुखना लेक, कौशल्या डैम के खोलने पड़ सकते हैं गेट, शिमला की ट्रेनें रद्द

Monday, Aug 19, 2019 - 02:14 PM (IST)

चंडीगढ़ (वैभव\साजन\रावत): शहर में दो दिन से हो रही बारिश ने रविवार को तबाही का रूप धारण कर लिया। पंचकूला और न्यू चंडीगढ़ में कई लिंक मार्गों पर लैंड स्लाइडिंग होने के कारण आवाजाही बाधित रही। 24 घंटों में शहर में 91 एम.एम. बारिश दर्ज की गई। 

 

वर्ष 2017 में शहर में 24 घंटे में 93.6 एम.एम. बारिश दर्ज हुई थी। रविवार को सुखना लेक का जलस्तर 1162 फीट से पार हो गया। वहीं कौशल्या डैम का भी जलस्तर खतरे के निशान 476. 5 मीटर पर पहुंच गया है। ऐसे में लेक और डैम के गेट खोलने की नौबत आ सकती है। 

 

उधर, कालका-शिमला रेलवे ट्रैक पर जलभराव के कारण कालका से चलने वाली सभी ट्रेनों को रविवार को रद्द घोषित कर दिया गया। बारिश से शहर में 33 जगह पर पेड़ गिरे। गनीमत रही कि पेड़ गिरने से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। 

 

वहीं दूसरी ओर पेड़ गिरने की वजह से कई जगहों पर वाहनों की आवाजाही कुछ देर तक बाधित रही, लेकिन हॉर्टिकल्चर विभाग द्वारा पेड़ों को हटाने के बाद वाहनों की आवाजाही एक बार फिर बहाल हुई। अगस्त में अभी तक 135 एम.एम. बारिश दर्ज हुई है।

 

सुखना का जलस्तर 1162 फीट से पार
सुखना का जलस्तर अब 1162 फीट के स्तर को भी पार कर गया है। अब अगर रविवार रात को तेज बारिश हुई तो यह खतरे के निशान को पार कर जाएगा। ऐसी स्थिति बनी तो सुखना के गेट खोलने पड़ सकते हैं और पंचकूला और जीरकपुर सहित पंजाब के अन्य इलाकों को अलर्ट किया जा सकता है। 

 

प्रशासन स्थिति पर पूरी नजर बनाए हुए है और हरियाणा व पंजाब के अधिकारियों के साथ भी संपर्क में है। वाटर लैवल 1163 फीट पार करते ही फ्लड गेट खोले जा सकते हैं। इसके लिए प्रशासन स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 

 

इससे पहले साल 2018 में भी सुखना का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया था जिसके चलते लेक के गेट खोले गए थे। आसार इस मर्तबा भी बीते साल जैसे ही बन रहे हैं। दो दिन से हो रही बारिश के बाद लेक का जलस्तर 3.5 फीट तक बढ़ गया है। 

 

कौशल्या डैम में पानी खतरे के निशान के पास, हाई अलर्ट जारी
पिंजौर स्थित कौशल्या बांध में पानी के खतरे के निशान के नजदीक पहुंचने से इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। डैम अधिकारियों ने नोटिस जारी करते हुए डैम की सीमा के आसपास लगने वाले गांवों में लोगों को सचेत रहने की सलाह दी है। 

 

कौशल्या डैम के एस.डी.ओ. नवजोत सिंह ने बताया कि पिछले कुछ दिन से पहाड़ों और इलाके में भारी वर्षा के कारण से जहां नदियों में पानी का भराव बढ़ा है, वहीं कौशल्या डैम के जल स्तर में भी इजाफा हुआ है। 

 

उन्होंने बताया कि शनिवार रात डैम में जल स्तर 472.10 मीटर था, वो रातभर हुई भारी वर्षा के कारण रविवार दोपहर तक 476. 5 मीटर हो गया। इस कारण इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि उनके द्वारा स्थानीय पुलिस चौकी एवम बहाव के दायरे में आने वाले गांवों में  विभाग द्वारा एक लिखित नोटिस भेज दिया गया है। 
नदी के पास न जाएं

 

अमरावती पुलिस चौकी इंचार्ज जसविंदर सिंह एवम गांव रामपुर सियूड़ी के पूर्व सरपंच योगिंद्र ठाकुर ने बताया कि उन्हें विभाग द्वारा लिखित नोटिस दे दिया गया है, जिसमें बताया गया है कि तेजी से पानी भरने के कारण डैम के आपातकालीन गेट खोलकर पानी छोड़ा जा सकता है। इस कारण नदी के नजदीक कोई भी न जाए। 

pooja verma

Advertising