UT गैस्ट हाऊस के कर्मचारी और टैक्सी चालक ने फंदा लगाकर दी जान

Thursday, Jun 07, 2018 - 07:49 PM (IST)

चंडीगढ़(सुशील) : शहर के दो अलग-अलग सैक्टरों में वीरवार को दो लोगों ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इनमें यू.टी. गैस्ट हाऊस का कर्मचारी बुडै़ल निवासी कर्मजीत सिंह और सैक्टर-40 निवासी टैक्सी चालक अमनदीप शामिल है। पुलिस को दोनों मृतकों के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। सैक्टर-34 और 39 थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। 

पहली घटना सैक्टर-40 में हुई। सैक्टर-39 थाना प्रभारी ने बताया कि वीरवार सुबह सूचना मिली कि सैक्टर-40 स्थित मकान नं. 514 में टैक्सी चालक ने पंखे से फंदा लगा रखा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो अंदर से कमरे का दरवाजा बंद था। 

दरवाजा तोड़कर पुलिस अंदर गई और पंखे से चुन्नी बांधकर फंदे पर लटके टैक्सी चालक को उतारकर सैक्टर-16 जनरल अस्पताल लेकर गए, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पड़ोसियों ने बताया कि टैक्सी चालक अमनदीप रात को खाना खाकर कमरे में सो गया था। उसके बच्चे गर्मियों की छुट्टियों में अपने गांव गए हुए हैं। परिजनों के आने के बाद ही पुलिस अगली कार्रवाई करेगी। शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है।

दूसरी घटना बुडै़ल में हुई। बुडै़ल निवासी आनंद सिंह ने पुलिस को वीरवार सुबह बताया कि उसके 26 वर्षीय बेटे कर्मजीत सिंह ने पंखे से कमरे के अंदर फंदा लगा लिया है। सूचना मिलते ही पी.सी.आर. पार्टी मौके पर पहुंची। 

पुलिसकर्मियों ने युवक को फंदे से उतारा और जी.एम.सी.एच.- 32 लेकर गए, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आनंद सिंह ने पुलिस को बताया कि उसका बेटा रात को खाना खाकर बिल्कुल ठीक-ठाक सोया था। वह हैरान हैं कि बेटे ने आखिर क्यों फंदा लगाया है। पुलिस ने बताया कि मृतक कर्मजीत सिंह यू.टी. गैस्ट हाऊस में ए.सी. रिपेयर का काम करता था।

Punjab Kesari

Advertising