रजिस्ट्रेशन कूपन को लेकर वैंडर्स ने किया हंगामा, पुलिस ने खदेड़ा

Tuesday, Dec 19, 2017 - 11:50 PM (IST)

चंडीगढ़, (राय): स्ट्रीट वैंडर्स की नगर निगम द्वारा की जा रही रजिस्ट्रेशन पर स्ट्रीट वैंडर्स ने निगम पर आरोप लगया है कि रजिस्ट्रेशन कैंप में तैनात कर्मचारी वैंडर्स के साथ धक्केशाही कर रहे हैं। उनका आरोप है कि कर्मचारी अपने जान पहचान वाले वैंडर्स को ही रजिस्ट्रेशन के कूपन दे देते है और जो वैंडर्स रात्रि 3 बजे से लाइन में लगे होते हैं उन्हें बिना कूपन के ही वापस जाना पड़ रहा है।

आज सैक्टर-20 की डिस्पैंसरी में वैंडर्स की रजिस्ट्रेशन के दौरान इसी को लेकर जमकर हंगामा हुआ। विवाद इतना बढ़ा कि सुबह 11 बजे ही निगम ने रजिस्ट्रेशन का काम बंद कर दिया और पुलिस ने वैंडरों को खदेड़ कर स्थिति पर काबू पाया।

निगम इन दिनों सैक्टर-20 में वार्ड नंबर 17 से लेकर 20 तक के वैंडर्स का रजिस्ट्रेशन कर रहा है। इसके साथ ही निगम ने बिना लाइसैंस बैठे वैंडर्स पर भी सख्ती कर दी है। इस सख्ती के बाद रजिस्ट्रेशन के लिए काफी तादाद वैंडर इकट्ठे हो रहे हैं और उन्हें संभालना अब निगम कर्मियों के लिए भी मुश्किल हो रहा है।

मंगलवार सुबह भी यहां पर सैकड़ों वैंडर इकट्ठे हो गए। कुछ वैंडर तो सोमवार रात से ही डिस्पैंसरी के बाहर आकर बैठे गए थे। जैसे ही निगम ने रजिस्ट्रेशन शुरू किया कई वैंडर दूसरे दरवाजे से डिस्पैंसरी में दाखिल हो गए। इसी बात पर वैंडरों ने हंगामा कर दिया और निगम कर्मियों के साथ धक्कामुक्की की।

इसके बाद पुलिस को मौके पर बुलाया गया। पुलिस वैंडर्स पर जमकर डंडे बरसाए और उन्हें वहां से खदेड़ा। इसके बाद निगम कर्मी भी सामान समेट कर निकल गए।

वैंडर्स ने बताया कि निगम चार वार्डों का एक साथ रजिस्ट्रेशन कर रहा है जोकि गलत है। हर वार्ड का अलग-अलग रजिस्ट्रेशन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह कई दिन से चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उनका रजिस्ट्रेशन नहीं हुआ। इस संबंध में निगम के अधिकारी ने बताया कि वह प्लान बना रहे हैं कि वैंडरों के रजिस्ट्रेशन का काम सही रूप से चले। उन्होंने कहा कि कुछ एरिया में अधिक वैंडर इकट्ठे हो रहे हैं, जबकि वे पहले ही साफ कर चुके हैं कि हर एरिया में बारी-बारी ही वैंडरों का रजिस्ट्रेशन किया जाना है।

 निगम ने साफ कर दिया है कि जो वैंडर बिना रजिस्ट्रेशन के शहर में बैठे हैं, उनके खिलाफ निगम कार्रवाई शुरू कर देगा। यही कारण है कि पहले तो अधिकतम वैंडरों ने रजिस्ट्रेशन नहीं करवाया। अब सख्ती के बाद वे अन्य वार्ड में जाकर रजिस्ट्रेशन करवाने का प्रयास कर रहे हैं।

Advertising