चंदन के पेड़ की चोरी बनी पुलिस के लिए चुनौती

Saturday, Jun 24, 2017 - 10:52 AM (IST)

चंडीगढ़(संदीप) : दड़वा स्थित रिटायर्ड आई.ए.एस. अधिकारी डी.एस. जसपाल के हैरीटेज पार्क में लगे चंदन का पेड़ बीते दिन काट कर चोरी करने का मामला पुलिस के लिए चुनौती बन गया है। पुलिस जांच में चंदन के पेड़ की कीमत करीब सवा लाख रुपए आंकी गई है। 

 

पुलिस इस चोरी में जहां यहां तैनात नए और पुराने कर्मियों पर शक कर पूछताछ कर रही है वहीं इसकी भी जांच की जा रही है कि चोर इस पेड़ को चंडीगढ़ और आसपास के राज्यों में बेच सकते हैं। इसके मद्देनजर पुलिस टीम आसपास के राज्यों की पुलिस से भी सम्पर्क साधे है ताकि चंदन के पेड़ की चोरी और तस्करी करने वालों तक पहुंचा जा सके। अधिकारियों की मानें तो शहर से चंदन के पेड़ की चोरी कई सालों के दौरान शायद यह पहला ही मामला है। 

 

8 साल पहले लगाया था पेड़ :
पुलिस जांच में सामने आया कि डी.एस. जसपाल ने अपने हैरीटेज पार्क में करीब 8 पहले चंदन के 2 पेड़ लगाए थे। इनमें से एक पेड़ कुछ समय बाद ही सूख गया था जबकि दूसरा पनपने लगा था। इसके बाद से यह पेड़ पार्क में फल-फूल रहा था। पेड की उम्र करीब 8 साल हो चुकी थी। पार्क के लगे इस चंदन के पेड़ के बारे में यहा काम करने वाले पुराने कर्मियों को बेहतर जानकारी थी जबकी नए कर्मियों को भी इस पेड के बारे में बता कर इसका विशेष ध्यान रखने की हिदायत दी गई थी। इस पेड़ के साथ साथ इस पार्क में और भी कई किस्म के बेहतरीन पेड़ों को संग्रह किया है। 

 

चंदन से प्रोडक्ट तैयार करने वालों पर भी नजर :
पुलिस जांच के तहत शहर में उन सभी प्रोडक्टस के तैयार करने वाले कारखानों पर नजर रखे है जो चंदन की लड़की का प्रयोग कर प्रोडक्ट तैयार करते हैं। साथ ही पुलिस उन सभी जगह नजर रखे है जहां पेड के बेचे जाने की सम्भावना सामने आ रही है।  

 

हैरीटेज पार्क के आसपास बढ़ाई पुलिस ने चौकसी :
इस चोरी की घटना के बाद दड़वा चौकी पुलिस ने पार्क के आसपास गस्त करने वाली जंगल बीट और पी.सी.आर. की गश्त बढ़ा दी है। इसके अलावा पुलिस ने पार्क संचालक को भी अपनी तरफ से पार्क में सुरक्षा के बेहतर इंतजाम करने को कहा है। 

Advertising