कालका के रिहायशी इलाके में  जिंदा बम मिलने से हड़कंप

Tuesday, May 04, 2021 - 11:34 PM (IST)

कालका,  (रावत): कालका उपमंडल के गांव टगरा कलीराम में गुगा माड़ी के पास खाली प्लॉट में एक जिंदा बम मिलने से लोगों में हड़कंप मच गया। सुबह कुछ बच्चे प्लॉट में खेल रहे थे तो उन्हें यह नजर आया। बच्चों ने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। लोगों ने पुलिस को सूचना दी तो कालका थाना प्रभारी महावीर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों ने उन्हें फोन पर सूचना दी थी कि यहां खाली प्लॉट में बम नुमा चीज पड़ी है। पुलिस जांच में यह हाई हिटर क्लोजर मोटर बम पाया गया। इस पर ओ.पी.एम.के. 5 एम नंबर भी अंकित था।

 

 

पुलिस ने इसकी जानकारी कालका आर्मी कैंप के सीनियर अधिकारियों को दी। मौके पर लेफ्टिनैंट कर्नल वरुण परमार टीम के साथ पहुंचे। घटनास्थल पर वीडियोग्राफी भी की गई। शाम 5 बजे सेना के बम निरोधक दस्ते ने बम को अपने कब्जे में लिया, और गड्ढे में दबाकर निष्क्रिय कर दिया। यह बम यहां तक कैसे पहुंचा, इसके बारे में अभी तक कोई भी स्पष्ट रूप से नहीं बता पाया है। थाना प्रभारी महावीर सिंह ने बताया कि प्लाट के आसपास कबाड़ की दुकानें हैं। हो सकता है कि कोई लोहे की चीज समझकर बम को अनजाने में यहां लाया हो और बाद में पता लगने पर इसे यहीं फैंक कर चला गया हो। 4 वर्ष पहले भी रामपुर सुयूड़ी के साथ बहती कौशल्या नदी के किनारे से भी एक जिंदा बम मिला था। 

ashwani

Advertising