चंडीगढ़ की पहली महिला एस.एस.पी. ट्रैफिक मनीषा चौधरी ने किया ज्वाइन

punjabkesari.in Tuesday, Dec 01, 2020 - 07:26 PM (IST)

चंडीगढ़, (सुशील) हरियाणा कैडर से डेपुटेशन पर आई चंडीगढ़ की पहली महिला एस.एस.पी. ट्रैफिक एंड सिक्योरिटी आई.पी.एस. मनीषा चौधरी ने मंगलवार को अपना पदभार संभाल लिया। उन्होंने आते ही चंडीगढ़ की ट्रैफिक व्यवस्था का जायजा लिया। 2011 बैच की हरियाणा कैडर आई.पी.एस. मनीषा चौधरी ने मंगलवार को पुलिस मुख्यालय पहुंच वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मुलाकात कर अपना पदभार संभाल लिया। पदभार संभालते ही उन्होंने दोपहर में ही ट्रैफिक विभाग के अधिकारियों की मीटिंग बुलाई। उन्होंने ट्रैफिक विंग के सभी डी.एस.पी. और इंस्पैक्टर को करप्शन से दूर रहने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक विंग में भ्रष्टाचार बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दूसरे राज्यों से आने वाली गाडिय़ों को बिना किसी कारण न रोका जाए और न ही आम लोगों को परेशान किया जाए।

 


एफ.आई.आर. दर्ज होने से विवादों में थीं
पानीपत के भाजपा नेता और पूर्व पार्षद की मौत मामले में पानीपत की मनीषा चौधरी समेत अन्य पुलिस कर्मियों पर गृह मंत्री अनिल विज के आदेशों पर एफ.आई.आर. दर्ज की थी। इसके बाद आई.पी.एस. मनीषा चौधरी को रिलीव कर दिया गया था। वहीं, एफ.आई.आर. के बाद आई.पी.एस. के विवादों में आने के कारण उनकी चंडीगढ़ एस.पी. ट्रैफिक के पद पर तैनाती को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं। 
तीन नामों का पैनल भेजा था
चंडीगढ़ में ट्रैफिक एस.एस.पी. का पद हरियाणा कैडर के अधिकारी के लिए सुरक्षित रखा जाता है। इसी वर्ष 29 जुलाई को हरियाणा कैडर के 2006 बैच के आई.पी.एस. शशांक आनंद का 3 साल का डेपुटेशन कार्यकाल पूरा होने के बाद वह चंडीगढ़ से रिलीव कर दिए गए थे। उनका चार्ज आई.पी.एस. मनोज कुमार मीणा को दिया गया था। वहीं, हरियाणा के लिए रिजर्व सीट को भरने के लिए शशांक आनंद के रिलीव होने के बाद हरियाणा सरकार की ओर से तीन नामों का पैनल भेजा गया था। इसमें 2011 बैच की आई.पी.एस. मनीषा चौधरी, वीरेंद्र सिंह और 2010 बैच के आई.पी.एस. सुरेंद्र पाल सिंह के नाम शामिल थे। तीनों अफसरों में से यू.टी. प्रशासन ने मनीषा चौधरी का नाम फाइनल कर गृह मंत्रालय को भेजा था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

AJIT DHANKHAR

Recommended News

Related News