सैक्टर-32 के वाटर वर्क्स में 7 करोड़ से लगेगा सोलर प्लांट

punjabkesari.in Monday, Aug 14, 2017 - 12:17 PM (IST)

चंडीगढ़(विजय) : चंडीगढ़ प्रशासन लगातार शहर में सोलर पावर अधिक से अधिक जनरेट करने की दिशा में तेजी से काम कर रहा है। मिनिस्ट्री ऑफ न्यू एंड रिन्यूअबल एनर्जी (एम.एन.आर.ई.) की ओर से 2022 तक दिए गए 50 मैगावॉट के टारगेट को पूरा करने के लिए चंडीगढ़ रिन्यूअबल एनर्जी एंड साइंस एंड टैक्नोलॉजी प्रोमोशन सोसायटी (क्रेस्ट) ने नगर निगम के सभी वाटर वर्क्स पर सोलर प्लांट लगाने का फैसला लिया है। 

 

इसके तहत सैक्टर-32 के वाटर वक्र्स में अब 1250 किलोवॉट का ग्रिड कनैक्टिड रूफटॉप लगाया जाएगा। इस पर लगभग 7.85 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इस प्रोजैक्ट से यह फायदा भी होगा कि पहले सोलर प्लांट के जरिए वाटर वर्क्स में बिजली भेजी जाएगी फिर जितनी बिजली बचेगी उसे ग्रिड में भेज दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त क्रेस्ट की ओर से सैक्टर-26 के वाटर वक्र्स में भी सोलर प्लांट इंस्टॉल करने का काम जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।

 

सैक्टर-39 का प्रोजैक्ट तैयार :
क्रेस्ट ने सैक्टर-39 के वाटर वक्र्स में भी सोलर प्लांट लगाने का काम पूरा कर लिया है। यह सोलर प्लांट 2 मैगावॉट का होगा। अभी तक शहर में कहीं भी इतना बड़ा प्लांट नहीं लगा है। अधिकारियों के अनुसार इस प्लांट पर 12 करोड़ से अधिक का खर्चा आया है। जल्द ही क्रेस्ट द्वारा इस प्लांट का उद्घाटन कर दिया जाएगा। इससे पहले पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज और सैक्टर-52 के वाटर वक्र्स में ही 1-1 मैगावॉट के प्रोजैक्ट शुरू किए जा सके हैं। सैक्टर-39 के वाटर वक्र्स में प्लांट शुरू होने के बाद चंडीगढ़ की कुल सोलर पावर जनरेशन 13.5 मैगावॉट हो जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News