सरकारी मकानों में मुफ्त में लगेंगे सोलर पैनल

Thursday, Mar 08, 2018 - 08:25 AM (IST)

चंडीगढ़(विजय) : मॉडल सोलर सिटी में रहना है तो चंडीगढ़ के बाशिंदों को जेब ढीली करने के लिए भी तैयार रहना होगा। चंडीगढ़ प्रशासन ने अब शहर के सभी सरकारी घरों में भी सोलर पैनल लगाने को अपना टारगेट तय कर लिया है। इसकी शुरूआत पहले उन सरकारी आवासों से की होगी जिनका एरिया एक कनाल से अधिक का होगा। 

 

खास बात यह है कि चंडीगढ़ प्रशासन सभी सरकारी आवासों में सोलर पैनल फ्री में लगाएगा। सरकारी आवास में रहने वाले के घर की केवल छत प्रयोग की है, लेकिन पैनल से निकलने वाली बिजली का इस्तेमाल करने के लिए लोगों से चार्जिस वसूले जाएंगे। सूत्रों के अनुसार करीब 350 रुपए प्रति माह एक घर से सोलर एनर्जी के इस्तेमाल के चार्ज के रूप में वसूले जाएंगे। 

 

चंडीगढ़ रिन्यूअबल एनर्जी एंड साइंस एंड टैक्नोलॉजी प्रोमोशन सोसाइटी (क्रेस्ट) द्वारा इसके लिए प्रोपोजल बना लिया है। अब यह प्रोपोजल प्रशासक वी.पी. सिंह बदनौर के पास अप्रूवल के लिए भेज दिया है। अप्रूवल मिलने के बाद सरकारी आवासों में सोलर पैनल लगाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।

 

पहले 400 मकानों में लगेंगे सोलर पैनल :
क्रेस्ट ने फिलहाल 400 घरों में सोलर पैनल लगाने का प्रोपोजल तैयार किया है। इसके बाद अन्य घरों पर भी पैनल लगाने का काम शुरू किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार एक बार प्रोपोजल को अप्रूवल मिलने पर टैंडर जारी होगा। 

 

इसके लिए प्रशासन की ओर से 11 विभिन्न सैक्टर्स में मकानों को चिन्हित कर लिया है। इनमें से अधिकांश जजों के साथ-साथ सीनियर और जूनियर ब्यूरोक्रेट्स के हैं। इनमें से कुछ मकानों का एरिया 6 कनाल से भी अधिक है। 

 

कमेटी भी कर दी गठित :
सरकारी मकानों में सोलर पैनल लगाने के प्रोपोजल को अगर मंजूरी मिल जाती है तो बड़े स्तर पर यह प्रोजैक्ट शुरू किया जाएगा। इसके लिए प्रशासन ने चीफ इंजीनियर की चेयरमेनशिप में कमेटी भी गठित कर ली है जो फैसला लेगी कि मकानों में कौन से साइज के पैनल लगने चाहिए। 

 

गौरतलब है कि मिनिस्ट्री ऑफ न्यू एंड रिन्यूअबल एनर्जी (एम.एन.आर.ई.) ने चंडीगढ़ को 2022 तक 50 मैगावॉट सोलर एनर्जी जनरेट करने का टारगेट दिया है। इसके लिए अब सरकारी मकानों पर भी सोलर पैनल लगाने की तैयारी शुरू कर ली गई है।

Advertising