पहाड़ों की बर्फीली हवाओं से एक दिन में 4 डिग्री गिरा पारा, बढ़ी ठंड

punjabkesari.in Friday, Dec 15, 2017 - 07:46 AM (IST)

चंडीगढ़(रश्मि): पहाड़ों की रानी शिमला इस बार भी 25 दिसंबर को सफेद चादर ओढ़ेगी। लोगों को व्हाइट क्रिसमस मनाने का मौका मिल सकता है। शिमला मौसम विभाग के अनुसार 20 दिसंबर को शिमला व आसपास के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है जो लगातार तीन चार दिनों तक जारी रहेगी। पिछले वर्ष भी 25 दिसम्बर को शिमला में बर्फबारी हुई थी। 

 

बर्फबारी से चंडीगढ़ में बढ़ेगी ठंड : 
शिमला में बर्फबारी से चंडीगढ़ में ठंड और बढ़ेगी। चंडीगढ़ मौसम विभाग के डायरैक्टर सुरिंद्र पॉल ने बताया कि यदि शिमला में बर्फबारी होती है तो इसका सीधा असर चंडीगढ़ पर पड़ेगा। 

 

बारिश के बाद ठंड का प्रकोप जारी : 
बारिश के बाद से ही शहर में ठंड का प्रकोप जारी है। पिछले दो दिन से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। बुधवार के मुकाबले वीरवार को अधिकतम तापमान चार डिग्री नीचे गिर गया है। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 18.2 डिग्री सैल्सियस था जो वीरवार को 14 डिग्री सैल्सियस तक जा पहुंचा है।

 

वीरवार को न्यूनतम तापमान 11.3० :
वीरवार को शहर का अधिकतम तापमान 14.2 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 8 डिग्री सैल्सियस कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। चंडीगढ़ मौसम विभाग के ड्यूटी अधिकारी के अनुसार वैस्टर्न डिस्टर्बैंस के चलते ही मौसम में यह बदलाव आया     
है। उन्होंने कहा कि सुबह-शाम धुंध रहेगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News