धूप सेंक रही महिला की चेन छीनी

Thursday, Dec 05, 2019 - 10:33 AM (IST)

चंडीगढ़(सुशील) : सैक्टर-40 में घर के बाहर बैठकर धूप सेंक रही महिला के गले से बाइक सवार दो युवक सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। महिला स्नैचर के पीछे दौड़ी, लेकिन उन्हें पकड़ने में कामयाब नहीं हो सकी। महिला ने सूचना पुलिस को दी। सैक्टर-39 थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सैक्टर-40 निवासी बबीता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। 

दोनों बाइक सवार स्नैचर घटनास्थल के पास कोठी में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरे में कैद हो गए हैं। दोनों ने हैल्मैट पहन रखा था। बाइक चालक युवक ने ग्रीन रंग की जैकेट और चेन छीनने वाले ने काले रंग की जैकेट पहनी हुई थी। सी.सी.टी.वी. कैमरे में स्नैचरों के चेहरे साफ नहीं दिख रहे हैं।

बबीता ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब दो बजे वह घर के बाहर बैठी थी। इस दौरान पीछे से एक युवक आया और चेन छीनकर अपने साथी की बाइक की तरफ भागने लगा। वह उसके पीछे भागी, लेकिन वह अपने दोस्त की स्टार्ट बाइक के पीछे बैठकर फरार हो गया।

Priyanka rana

Advertising