पेरिस में डेढ़ करोड़ के हैरीटेज फर्नीचर की नीलामी की तैयारी

punjabkesari.in Sunday, Oct 25, 2020 - 07:52 PM (IST)

चंडीगढ़ (राजिंद्र शर्मा): प्रतिबंध के बावजूद देश से हैरीटेज फर्नीचर की तस्करी और नीलामी रुकने का नाम नहीं ले रही है। बीते कुछ सालों में करोड़ों रुपए का हैरीटेज फर्नीचर विदेशों में नीलाम हो चुका है। अब 27 अक्तूबर मंगलवार को पेरिस में हैरीटेज फर्नीचर की नीलामी होने जा रही है। हैरीटेज प्रोटेक्शन सैल के सदस्य अजय जग्गा ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर को इस संबंध में शिकायत दी है, ताकि इस नीलामी को रोका जा सके। इसके अलावा उन्होंने पेरिस में इंडियन एबेंसी के एंबेसडर को भी शिकायत की कॉपी भेजी है। 

 


करोड़ों रुपए का फर्नीचर पहले ही हो चुका है नीलाम 
उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ से हैरीटेज फर्नीचर की तस्करी बढ़ती जा रही है और अब तक करोड़ों रुपए का फर्नीचर नीलाम हो चुका है। उन्होंने कहा कि देश के हर नागरिक का जिम्मेदारी है कि वह हैरीटेज धरोहर को बचाए रखे। उन्होंने कहा कि देश से बाहर ये हैरीटेज फर्नीचर पहुंच कैसे रहा है, इस पूरे मामले की जांच होनी चाहिए। इसके अलावा ऑक्शन को रोकने के लिए भी प्रयास किए जाने चाहिए। जो भी फर्नीचर की तस्करी में शामिल है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। इसके अलावा यहां स्थानीय स्तर पर भी इसकी चोरी रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाने चाहिए। शिकायत में उन्होंने कहा कि विदेश में सभी भारतीय एबेंसी को अलर्ट किया जाना चाहिए। इसके अलावा यू.एन. के समक्ष भी इस मुद्दे को उठाया जाए और तस्करी को रोकने के लिए उनकी यूनेस्को के प्रति प्रतिबद्धता की याद दिलाई जाए। 
चंडीगढ़ की 4 आइटम्स को रखा जाएगा
पेरिस में इसकी 27 अक्तूबर को ऑक्शन की जा रही है, जिसमें चंडीगढ़ की 4 आइटम्स को रखा जाएगा, जिनकी ऑक्शन के हिसाब से प्रस्तावित कीमत 1.50 करोड़ रुपए के करीब है। इनमें ईजी आम्र्स चेयर्स, ऑफिस आर्म चेयर्स, बैड और एडवोकेट आर्म चेयर्स शामिल हैं। उन्होंने विदेश मंत्री से इस मामले में कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि तथ्यों को जांच कर आइटम्स की ऑक्शन को रोका जा सके और देश की धरोहर को नीलाम होने से बचाया जा सकें। इससे पहले हैरीटेज प्रोटेक्शन सैल के सदस्य ने विदेश में दुकानों पर भी हैरीटेज फर्नीचर की खरीद-फरोख्त का मामला उठाया था। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

AJIT DHANKHAR

Recommended News

Related News