स्मार्ट सिटी: जुलाई में शुरू होगा 3 प्रोजैक्ट्स पर काम

Thursday, Jun 28, 2018 - 10:36 AM (IST)

चंडीगढ़ (राजिंद्र): प्रशासन द्वारा आखिरकार दो साल बाद अब स्मार्ट सिटी के अंडर तीन प्रोजैक्ट्स पर काम शुरू किया जाएगा। इसमें मनीमाजरा में 24 घंटे वाटर सप्लाई एंड स्मार्ट मीटरिंग फॉर वाटर, कमांड कंट्रोल सैंटर सैक्टर-17 और साइकिल शेयरिंग प्रोजैक्ट्स शामिल हैं। इन प्रोजैक्ट्स पर एक माह के अंदर काम शुरू होगा। 

 

प्रोजैक्ट मैनेजमैंट कंसल्टैंट फ्रैंच फर्म इगिस इंटरनैशनल को प्रशासन ने इसका काम सौंपा हुआ है, जिसने इन प्रोजैक्ट्स पर डिटेल प्रोजैक्ट रिपोर्ट तैयार कर ली है। बुधवार को प्रशासन व  कंपनी के अधिकारियों की मीटिंग हुई। प्रस्तावित तीन रिपोर्ट्स पर कुछ कमियां बताई गई हैं। 

 

इनको 15 जुलाई तक दूर करने को कहा गया है। स्मार्ट सिटी प्रोजैक्ट के प्रशासन के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि इन सभी प्रोजैक्ट्स पर रिपोर्ट तैयार है और उम्मीद है कि जुलाई के अंत तक इन पर काम शुरू हो जाएगा। '


 

70 में से सिर्फ एक प्रोजैक्ट हुआ पूरा 
पिछले दो साल में स्मार्ट सिटी के अंदर 70 में से सिर्फ एक प्रोजैक्ट पूरा हुआ है, जबकि तीन पर काम शुरू हो गया है। बाकी पर कोई काम नहीं हो रहा है। प्रशासन के रिकार्ड के अनुसार इनमें से अधिकतर प्रोजैक्ट्स पर अक्तूबर, 2017 में ही काम शुरू हो जाना चाहिए था जोकि नहीं हो पाया। 

 

यही कारण है कि वर्ष 2018-19 के लिए केंद्र ने स्मार्ट सिटी प्रोजैक्ट के लिए चंडीगढ़ को कोई राशि जारी नहीं की है। अभी तक पहले जारी राशि में से ही प्रशासन कुछ खास खर्च नहीं कर पाया है। केंद्र ने पहले 296 करोड़ रुपए जारी किए थे जिसमें से प्रशासन सिर्फ 3 करोड़ रुपए ही खर्च कर पाया है। 

 

अभी तक सभी पदों पर अधिकारी नहीं हो पाए नियुक्त
स्मार्ट सिटी प्रोजैक्ट के लिए प्रशासन ने स्पेशल पर्पज व्हीकल (एस.पी.वी.) वर्ष 2016 के मई में बनाई थी लेकिन अभी तक इसमें सभी पदों पर अधिकारियों की नियुक्ति नहीं हो पाई है। बोर्ड ऑफ डायरैक्टर एस.पी.वी. में जनरल मैनेजर, चीफ फाइनैंस ऑफिसर, कंपनी सेक्रैटरी और 10 सदस्यीय स्पोर्टिंग स्टाफ की नियुक्ति नहीं कर पाए हैं। 

 

पूरा शहर अंडर सर्विलैंस होगा   
शहर के चार मॉडल सैक्टर-17, 22, 35 और 43 चुने गए हैं, उनमें पायलट प्रोजैक्ट के तहत काम होगा। पूरा शहर अंडर सर्विलैंस होना है। पैन सिटी में पूरे शहर की स्मार्ट आवाजाही पर फोकस रहेगा, जिसके तहत पूरे शहर में सी.सी.टी.वी. कैमरे लगाए जाएंगे। शहर पर नजर रखने के लिए स्मार्ट कंट्रोल सैंटर बनाया जाएगा।

 

स्मार्ट सिटी प्रोजैक्ट यह है 
एक ऐसा शहर, जिसमें पूरी तरह से एडवांस इंफ्रास्ट्रक्चर हो। इंफोर्मेशन टैक्नोलॉजी के साथ ही लोगों को सभी आवश्यक सेवाएं प्रदान करना। शहर के हर कोने तक मूलभूत सुविधाएं प्रदान करना इसका मकसद है। इसमें सभी सर्विस को आनलाइन कर ई-गवर्नेंस सिस्टम को लागू किया जाना है। 

Punjab Kesari

Advertising