आतंकी ताकतवर नहीं, पॉलीटिशियन और सरकार है कमजोर : शिव खेड़ा

Saturday, Feb 16, 2019 - 12:47 PM (IST)

चंडीगढ़(लल्लन) : आतंकी मजबूत नहीं हैं पॉलीटिशियन व सरकार कमजोर है। यह कहना है मोटिवेशनल स्पीकर शिव खेड़ा का। वह एन.सी.सी. कैडेट्स के लिए आयोजित किए जाने वाले सैमीनार के संबंध में पत्रकारवार्ता करने पहुंचे थे। 

उन्होंने मीडिया से कहा कि आतंकवादी कभी ताकतवर नहीं हो सकता है। यदि सरकार सही समय पर सही कदम उठाए। 70 साल पहले किए फैसले को आज पूरा देश भुगत रहा है। सरकार सुपर पॉवर की बात करती है, हमें तो पहले आतंरिक कलह को मिटाना चाहिए। देश के एक अंग कश्मीर में 24 घंटे में 20 बार तिरंगा जलाया जाता है, लेकिन इसके बाद भी सरकारें क्यों शांत रहती हैं? 

कश्मीर मुद्दा सिर्फ 5 मिनट में हो सकता है हल :
शिव खेड़ा ने कहा कि देश की आजादी के बाद सिर्फ दो लोगों के प्रधानमंत्री बनने को लेकर देश का बंटवारा कर दिया गया, लेकिन कश्मीर पर कोई उचित कदम नहीं उठाया गया। कश्मीर मुद्दा कोई बड़ा मुद्दा नहीं है। 

यह सिर्फ 5 मिनट में हल किया जा सकता है, लेकिन सरकार की ओर से इस तरफ ध्यान ही नहीं दिया जाता है। सरकार को संविधान की धारा 370 को हटा देना चाहिए, जिस दिन कोई भी सरकार यह कार्य कर देगी, उस दिन से कश्मीर का मुद्दा शांत हो जाएगा। 

सैनिकों को गोली चलाने के आदेश क्यों नहीं दिए जाते?
कश्मीर में सैनिकों पर पत्थर सिविलियन द्वारा बरसाया जाता है, लेकिन इसके बाद भी सरकार सैनिकों को गोली चलाने का आदेश नहीं देती तो ये किसकी कमी है। 

कैडेट्स के लिए सैमीनार 22 से 24 तक :
कैडेट्स में लीडरशिप क्वालिटी डिवेल्प करने के लिए एन.सी.सी. जल्द एक लीडरशिप सैमीनार का आयोजन करवाने जा रहा है। लीडरशिप के गुर सिखाने के लिए शिव खेड़ा चंडीगढ़ आए हैं। 

मेजर जनरल आर.एस. मान ने बताया कि इस सैमीनार में पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ के कैडेट्स हिस्सा लेंगे। यह सैमीनार 22 से 24 फरवरी को एन.सी.सी. ग्रुप हैडक्वाटर एन.सी.सी. कॉम्पलैक्स सैक्टर -31 में आयोजित होगा।

Priyanka rana

Advertising