आप नेता खैहरा के खिलाफ मानहानि का केस दायर

Thursday, Mar 22, 2018 - 09:25 AM (IST)

चंडीगढ़(संदीप) : शिरोमणि अकाली दल महिला विंग की जनरल सैक्रेटरी जसविंदर कौर ने पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता और आम आदमी पार्टी (आप) के नेता सुखपाल खैहरा के खिलाफ चंडीगढ़ जिला अदालत में मानहानि का केस दायर किया है। 

 

जसविंदर कौर ने अदालत से अपील की है कि वह खैहरा के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दे। क्योंकि खैहरा ने उन्हें सार्वजनिक तौर पर चरित्रहीन और ब्लैकमेलर कहा है। इससे उन्हें सामाजिक और व्यक्तिगत तौर पर क्षति हुई है। इस केस पर वीरवार को जिला अदालत में सुनवाई होगी। 

 

जसविंदर कौर ने खैहरा के खिलाफ दायर केस में 11 दिसम्बर 2011 की उस वीडियो को आधार बनाया है, जिसमें खैहरा ने उनके खिलाफ टिप्पणी की है। जसविंदर कौर ने कहा कि यह वीडियो सोशल मीडिया और कई न्यूज चैनलों पर प्रसारित किया गया था। इसमें खैहरा ने अपमानजनक और असंसदीय शब्दों का प्रयोग किया था। वीडियो सी.डी. को भी याचिका का हिस्सा बनाया गया है। 

 

याचिका में उन्होंने खैहरा के बयान को भी पेश करते हुए उसे आधार बनाया है। शिकायतकर्ता के वकील प्रद्युम्न गर्ग के अनुसार खैहरा द्वारा इस्तेमाल किए गए शब्द दुर्भावनापूर्ण थे और शिकायतकर्ता की प्रतिष्ठा को नुक्सान पहुंचाने का इरादा रखते थे। इससे शिकायतकर्ता की प्रतिष्ठा और छवि पर प्रतिकूल असर पड़ा है।


 

Punjab Kesari

Advertising