सी.टी.यू. का सीनियर असिस्टैंट 50 हजार रिश्वत लेते काबू

Monday, Jan 18, 2021 - 10:25 PM (IST)

चंडीगढ़, (सुशील राज): डोरमैट्री और रेस्ट हाऊस की जमा राशि वापस देने के नाम पर 50 हजार रिश्वत लेते चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (सी.टी.यू.) के सीनियर असिस्टैंट को विजीलैंस टीम ने सोमवार को इंडस्ट्रीयल एरिया फेज-1 स्थित सी.टी.यू. आफिस से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान जय भगवान के रूप में हुई। विजीलैंस ने जय भगवान के खिलाफ भ्रष्टाचार की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया। 

 


एक लाख रुपए मांगे थे
शिकायतकत्र्ता सरकारी ठेकेदार ने विजीलैंस को दी शिकायत में बताया कि उसने सैक्टर-43 स्थित डोरमैट्री और रेस्ट हाऊस का ठेका लिया था लेकिन कोविड-19 के चलते लगाई गई पाबंदी और ग्राहकों के न आने के चलते उसे किराया तक निकालना मुश्किल हो रहा था। इसके चलते उसने नवम्बर 2020 में डोरमैट्री और रेस्ट हाऊस की बिड सरैंडर करने को लेकर एक एप्लीकेशन दी थी। ठेकेदार का आरोप है कि बिड सरैंडर कर उसके सिक्योरिटी डिपॉजिट अमाऊंट वापस करने की एवज में आरोपी सीनियर असिस्टैंट जय भगवान में उससे एक लाख रुपए की रिश्वत मांगी। शिकायतकत्र्ता के मुताबिक उसने 1 लाख  में से  50  हजार रुपए दे दिए। इसके बाद उसने मामले की शिकायत चंडीगढ़ विजीलैंस को दी।


अन्य अधिकारी और कर्मचारियों की भूमिका की भी होगी जांच 
शिकायत मिलने के बाद डी.एस.पी. दीपक यादव के नेतृत्व में विजीलैंस टीम ने ट्रैप लगाकर आरोपी सीनियर असिस्टैंट जय भगवान को इंडस्ट्रीयल एरिया फेज-1 स्थित सी.टी.यू. के दफ्तर से उस समय दबोच लिया, जब वह शिकायतकत्र्ता सरकारी ठेकेदार से रिश्वत के बकाया 50 हजार रुपए ले रहा था। मामले में अन्य अधिकारी और कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

AJIT DHANKHAR

Advertising