ग्माडा का सीनियर असिस्टैंट 50 हजार रुपए रिश्वत लेता रंगे हाथों गिरफ्तार

Friday, Jun 23, 2017 - 09:36 PM (IST)

मोहाली (कुलदीप): ग्रेटर एरिया मोहाली डिवैल्पमैंट अथॉरिटी (ग्माडा) ऑफिस में विजीलैंस ने सीनियर असिस्टैंट किरनपाल कटारिया को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। विजीलैंस के इंस्पैक्टर इन्द्रपाल सिंह ने बताया कि किरनपाल कटारिया को गांव बाकरपुर निवासी किसान करम सिंह की शिकायत पर काबू किया गया है। करम सिंह ने विजीलैंस को दी शिकायत में बताया था कि गांव नारायणगढ़ में एयरोसिटी की दीवार के साथ-साथ ग्माडा द्वारा रास्ता बनाया जाना है। इस रास्ते के लिए ग्माडा ने किसानों की जमीन एक्वायर की थी। करम सिंह की जमीन भी बीच में आ रही थी, जिसने लैंड पूलिंग स्कीम के लिए ग्माडा के पास अप्लाई किया था। ग्माडा द्वारा उसे लैटर ऑफ इंटैंट (एल.ओ.आई.) जारी किया जाना था। इस एल.ओ.आई. के लिए सीनियर असिस्टैंट किरनपाल कटारिया उसे परेशान कर रहा था और दो लाख रुपए की रिश्वत मांग रहा था। बाद में डेढ़ लाख रुपए में सौदा तय हो गया। रिश्वत की पहली किश्त 50 हजार रुपए आज दी जानी थी। करम सिंह ने विजीलैंस को शिकायत दे रखी थी। आज ग्माडा की कैंटीन में जैसे ही किरनपाल कटारिया ने करम सिंह से 50 हजार रुपए की रिश्वत ली तो विजीलैंस की टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को उसे अदालत में पेश किया जाएगा।

Advertising