दिन में हुआ झगड़ा और रात में जीजा-साले पर तेजधार हथियारों से हमला, जीजा की मौत

Saturday, Mar 31, 2018 - 10:39 AM (IST)

चंडीगढ़ (संदीप): सैक्टर-25 में रहने वाले अमन और उसके जीजा सन्नी पर शुक्रवार रात उनके घर के पास ही कुछ युवकों ने तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल हुए दोनों को सैक्टर-16 के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अमन को मृत घोषित कर दिया। उसके पेट में हथियार से हमला किया गया था। 

 

वहीं, सन्नी की हालत भी गंभीर है। मृतक अमन सैक्टर-17 में फड़ी लगाता था और रात 10:30 बजे वह जीजा के साथ घर जा रहा था कि अचानक हथियार बंद लोगों ने उन पर हमला कर दिया। हमले का मुख्य आरोपी का नाम तरसेम बताया जा रहा है जो सैक्टर- 17 में ही फड़ी लगाता है। 

 

दिन में हुआ था झगड़ा
चर्चा है कि तरसेम और अमन के बीच दोपहर को झगड़ा हुआ था। घटना के बाद सैक्टर-16 अस्पताल में समुदाय विशेष के सैंकड़ों लोग एकत्रित हो गए। इस दौरान उनकी पुलिस से हाथापाई भी हुई। समाचार लिखे जाने तक देर रात 1 बजे तक सैक्टर-16 अस्पताल में तनाव की स्थिति बनी थी, जहां भारी पुलिस तैनात भी था। 

 

मृतक के छोटे भाई ने कालोनी के ही रहने वाले 3-4 युवकों पर हत्या का आरोप जड़ा है। एस.एस.पी. निलाम्बरी जगदले ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सैक्टर-25 मार्कीट में अमन और सन्नी पर कुछ युवकों ने हमला किया है। 

 

दोनों युवकों को सैक्टर-16 अस्पताल लाया गया था, जहां अमन की मौत हो गई और सन्नी के बयान लिए जा रहे हैं, जिसके आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मामले में 3 युवकों को राऊंडअप किया है। 

Punjab Kesari

Advertising